मुजफ्फरनगर में खतौली पुलिस ने मुठभेड़ में हथियारों की तस्करी करने वाले दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि मास्टरमाइंड तीसरा बचकर भाग निकला। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से असलहे और बाइक बरामद की हैं। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर मुठभेड़ के बारे में सीओ डॉ राजीव कुमार सिंह और इंस्पेक्टर पीपी सिंह से जानकारी ली।
Encounter की Live तस्वीरें... पुलिस ने बदमाश को मारी गोली, तमंचे बरामद
एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने पत्रकारों को बताया कि बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे पुलिस को सूचना मिली कि मीरापुर की ओर से हथियारों की तस्करी करने वाले तीन बदमाश बाइक पर आ रहे हैं। ये बदमाश हथियारों की सप्लाई करने कहीं जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर पीपी सिंह पुलिस बल के साथ मीरापुर रोड पर पहुंचे। मीरापुर की ओर से आ रहे बाइक सवार बदमाशों को गणेश विहार के पास पुलिस ने रुकने का इशारा किया। बदमाशों ने बाइक रोकने के बजाए पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
बदमाश बाइक छोड़कर ईंख के खेत में घुस गए और पुलिस पर फायरिंग करते रहे। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए ईख की घेराबंदी कर ली। पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि तीसरा बदमाश भागने में कामयाब हो गया।
पुलिस की गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया है। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम मेरठ के थाना मवाना के गांव निलोहा निवासी सईबू उर्फ सईद पुत्र नसीबू और आरिफ पुत्र मोबीन बताए हैं। बदमाश सईबू पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है।
पढ़ें : दरोगा की वर्दी पहनकर देता था वारदात को अंजाम, सीधे चलाता था गोलियां