लजीज खाने के दीवानों के लिए मजा तब दोगुना हो जाता है जब खाने की जगह शानदार हो। आजकल देश भर में थीम रेस्टोरेंट का चलन बढ़ा है इसीलिए लोग ऐसे रेस्टोरेंट में जाना भी पसंद कर रहे हैं। हम आपको बता रहे हैं मेरठ के खास रेस्टोरेंट से लेकर दिल्ली-एनसीआर के पांच अनोखे और रोमांचकारी अनुभव कराने वाले ऐसे ही कुछ रेस्टोरेंट्स के बारे में...
मेरठ के 'लालकिला एयरपोर्ट' से लेकर गुड़गांव के 'बंकर' तक, ये हैं दिल्ली-एनसीआर के 5 अनोखे रेस्टोरेंट
लालकिला एयरपोर्ट, मेरठ
इस रेस्टोरेंट का नाम सुनकर तो लगता है कि ऐसा कैसे हो सकता है... लालकिला तो दिल्ली में है। लेकिन जनाब यह न तो असली लालकिला है और न ही यह कोई हवाई अड्डा है। यह एक ऐसा रेस्टोरेंट है जिसे 'हवाई जहाज' के अंदर बनाया गया है।
यदि आप दिल्ली से हरिद्वार का सफर कर रहे हैं तो एनएच 58 के किनारे मोदीपुरम में स्थित इस रेस्टोरेंट में डिनर कर सकते हैं। चौबीस सीटर इस प्लेन में मेहमानों के लिए लंच-डिनर की बेहतरीन व्यवस्था है। वहीं रेस्टोरेंट का प्रवेश द्वार बिल्कुल लालकिले की दीवारों की तरह बनाया गया है। इस रेस्टोरेंट में बैठकर आप बिल्कुल हवाई यात्रा करने जैसा महसूस करेंगे।
टिम्बक टू, मेरठ
मेरठ के शास्त्रीनगर में बना यह थीम रेस्टोरेंट शहर के सबसे पुराने थीम रेस्टोरेंट्स में से एक है। बाहर से यह साधारण दिखता है लेकिन रेस्टोरेंट को भीतर से इसे एक ट्रेन के आकार में निर्मित किया गया है। रेस्टोरेंट में बैठकर आपको बिल्कुल किसी ट्रेन में होने जैसा महसूस होगा। खासकर बच्चों का यह पसंदीदा रेस्टोरेंट भी है। यह मेरठ का इकलौता ऐसा थीम रेस्टोरेंट है जो भारतीय रेल से प्रेरित है।
'38 बैरेक्स-मिलट्री कैफे' दिल्ली
दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित '38 बैरक्स मिलट्री कैफे' और रेस्टोरेंट में आप साधारण डाइनिंग से लेकर कॉकटेल का लुत्फ उठा सकते हैं। रेस्टोबार के फूड मेन्यु को आर्मी थीम को ध्यान में रखकर ही बनाया गया है। यहां आपको ‘आमुचे बचे’ खट्टे बैंगन, ऑलिव चिकन जैसे नाम वाली डिश ऑर्डर करने के ऑप्शन मिलेंगे।
रेस्टोरेंट की दीवारों को राइफल, आर्मी मेडल, पुरानी दीवार घड़ी आदि से सजाया गया है। लाइट के लिए आर्मी के रेट्रो बल्ब लगाए गए हैं। ’38 बैरक्स मिलट्री कैफे’ का फर्नीचर खाकी और कत्थई है, जो वुडन और आयरन से बना हुआ है। कैफे की दीवारें, फर्श और सीलिंग पर खाकी, सफेद, आसमानी, ऑलिव और ब्राउन कलर्स का इस्तेमाल किया गया है। ये रेस्टोरेंट आपको किसी आर्मी कैंप में होने जैसा अनुभव देगा।
बंकर 'द आर्मी थीम कैफे'
गुड़गांव के हेमिल्टन रोड स्थित क्रॉसपाइंट मॉल में स्थित ‘बंकर’ अपने आप में एक अनोखा रेस्टोबार है। इसे भी ‘आर्मी भोजनालय’ की तरह बनाया गया है और सेना से सम्बंधित कलाकृतियों से डेकोरेट किया गया है। यहां दीवारों पर लगी आर्मी से सम्बंधित तस्वीरें, आर्मी प्रिंट वाले परदे भोजन का इंतजार कर रहे लोगों में इस जगह के बारे में जानने की एक खास दिलचस्पी पैदा करते हैं।
रेस्टोरेंट में एक बार भी है जिसे आर्मी थीम पर ही सजाया गया है। यहां आपको खास डिजाइन के कंटेनर से कॉकटेल व मॉकटेल सर्व की जाती है। यही नहीं, रेस्टोरेंट में आप लाइव सिंगिंग शो का भी आनंद ले सकते हैं।