बागपत के बड़ौत में सीमेंट व्यापारी की हत्या के बाद बदमाशों ने सोमवार तड़के एक और दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। वैगनआर कार में सवार बदमाशों ने मोहल्ला खत्री गढ़ी से लोहा व्यापारी आदेश जैन का अपहरण कर लिया और उनके बेटे के मोबाइल पर फोन कर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी।
यूपी: अपहरण के सात घंटे बाद व्यापारी को छोड़कर भागे बदमाश, एडीजी ने कही ये बड़ी बात
वहीं दोपहर डेढ़ बजे बदमाश व्यापारी को रटौल पुलिया के पास छोड़कर फरार हो गए। एडीजी राजीव सभरवाल ने बताया कि व्यापारी सकुशल बरामद किया गया है। अपहरणकर्ताओं की धरपकड़ के प्रयास चल रहे हैं। यूपी और हरियाणा के बदमाश वारदात में शामिल रहे हैं।
खत्री गढ़ी निवासी आदेश जैन सोमवार सुबह पांच बजे घर से महावीर मार्ग स्थित गोदाम पर जाने के लिए निकले थे। ग्रोवैल स्कूल के पास वैगनआर कार सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी का अपहरण कर लिया। एक घंटे बाद व्यापारी के मोबाइल से उनके बेटे प्रतीक को कॉल कर अपहरण की जानकारी देते हुए एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। परिवार ने हिम्मत जुटा कर पुलिस को जानकारी दी। आईजी प्रवीण कुमार, एसपी अभिषेक सिंह और एएसपी मनीष मिश्रा मौके पर पहुंचे। एसटीएफ को लगाया गया। सर्विलांस टीम के सहारे बदमाशों की छानबीन की गई। मामले में नाटकीय मोड़ दोपहर डेढ़ बजे आया। बदमाश व्यापारी को रटौल के पास छोड़कर फरार हो गए। खेकड़ा पुलिस रटौल पुलिया से व्यापारी को लेकर खेकड़ा पाठशाला पहुंच गई। पाठशाला से एसपी अभिषेक सिंह व्यापारी को लेकर पुलिस लाइन पहुंचे।
व्यापारी आदेश जैन का कहना है कि बदमाशों ने अपहरण के कुछ देर बाद ही उनसे कहा कि गलत पकड़ हो गई है। वह किसी दूसरे व्यक्ति का अपहरण करने आए थे। एडीजी राजीव सभरवाल ने व्यापारी से जानकारी ली। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि पुलिस के दबाव के चलते बदमाश व्यापारी को छोड़कर भाग गए हैं। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
ऑपरेशन खत्म नहीं हुआ : एडीजी
एडीजी राजीव सभरवाल का कहना है कि व्यापारी के अपहरण के मामले में अभी पुलिस का ऑपरेशन खत्म नहीं हुआ है। बदमाशों के विषय में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। धरपकड़ कर जल्द ही खुलासा किया जाएगा। वारदात में बदमाशों की एक से अधिक टीम शामिल रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/