फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

भाजपा की राह में रोड़ा बन रहे कुछ नेता, मुख्यमंत्री का आदेश अतिक्रमण हटाओ, टीम जाती है तो जमकर विरोध

Wed, 26 Feb 2020 03:40 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Wed, 26 Feb 2020 03:40 PM IST
विज्ञापन
CM yogi order to remove encroachment from roads, but Bjp supporters Protest against Meerut police
अपर नगर आयुक्त की गाड़ी का घेराव करते भाजपा समर्थक - फोटो : अमर उजाला
शहर की सड़कों और चौराहों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए चल रहे अभियान के खिलाफ सत्ताधारी भाजपा के ही नेता और कार्यकर्ता उतर आए हैं। मेरठ में मंगलवार को नगर निगम में ऐसे हंगामा किया जैसे सत्ता पक्ष के नहीं किसी विपक्षी पार्टी के सदस्य हों। नगर निगम में चर्चा तो यह भी रही कि महिला अधिकारी के साथ इस तरह का बर्ताव और हंगामा पिछले तीन साल में विपक्षी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी नहीं किया...


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहरों को अतिक्रमण मुक्त करना चाहते हैं, मेरठ में उनकी ही पार्टी के कुछ नेता इसमें अड़ंगा डाल रहे हैं। इस अड़ंगे की वजह से ही मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान नहीं चल सका। यही नहीं हापुड़ अड्डा चौराहे से अतिक्रमण हटाने के विरोध में भाजपाइयों ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में हंगामा किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त को स्थानांतरण कराने की धमकी भी दे डाली।   

दरअसल,  ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की टीम ने सोमवार को हापुड़ अड्डा चौराहे पर अतिक्रमण के  खिलाफ अभियान चलाया था। सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना भी वसूला था। हापुड़ अड्डे पर भाजपा के छावनी मंडल के महामंत्री हरीश साहू ने छोले-भटूरे की दुकान खोली हुई है। उन्होंने सड़क पर भट्ठी रख रखी थी, जिसे टीम ने हटवा दिया। उसके विरोध में मंगलवार को दोपहर 12 बजे भाजपा महानगर मंत्री दीपक शर्मा के नेतृत्व में 10-12 कार्यकर्ता नगर निगम पहुंचे। उस समय अपर नगरायुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन सभागार में टैक्स विभाग के अधिकारियों की बैठक ले रही थीं। दीपक शर्मा अपने साथियों को साथ लेकर सभागार में घुस गए।

अपर नगरायुक्त ने बैठक का हवाला देकर बाहर जाने को कहा, जिस पर दीपक शर्मा आगबबूला हो गए। इस पर बैठक बीच में ही खत्म करनी पड़ी। इसके बाद जैसे ही अपर नगर आयुक्त गाड़ी में बैठकर कमिश्नरी चौराहे पर स्थित नगर आयुक्त के कैंप कार्यालय जाने लगीं तो भाजपाई उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। नारेबाजी करने लगे। इसी बीच भाजपा महानगर महामंत्री महेश बाली भी पहुंच गए। इसके बाद अपर नगर आयुक्त अपनी गाड़ी से उतरकर कार्यालय में बैठ गईं। भाजपा समर्थक भी वहां पहुंच गए।

भाजपा समर्थकों के हंगामे को देखते हुए अपर नगर आयुक्त ने अपने गनर को बुला लिया। लगभग आधा घंटे तक भाजपा समर्थक अपर नगरायुक्त से सवाल करते रहे। बात न मानने पर स्थानांतरण कराने की धमकी भी दी। दीपक शर्मा ने कहा कि अगर हम अपने कार्यकर्ता के सम्मान की लड़ाई नहीं लड़ेंगे तो फिर संगठन कैसे चलाएंगे। हंगामा करने वालों में विनीश बाल्मीकि, आशीष कश्यप, मोहित गुप्ता, सचिन, हरीश साहू आदि मुख्य रहे। 
CM yogi order to remove encroachment from roads, but Bjp supporters Protest against Meerut police
..तो इन्हें विधायक और प्रदेश अध्यक्ष जैसा सम्मान चाहिए  
भाजपा महानगर महामंत्री महेश बाली ने कहा कि अधिकारी जो सम्मान विधायक और प्रदेश अध्यक्ष को देते हैं, वही सम्मान मुझे और कार्यकर्ताओं को चाहिए। जो अधिकारी भाजपा कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज करेगा, उसको खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

अतिक्रमण हटाने वाली टीम ने भाजपा छावनी मंडल के महामंत्री की दुकान के सामने से अतिक्रमण हटाकर उनका अपमान किया है। दीपक शर्मा ने अपने फेसबुक पर भी पोस्ट किया। लिखा कि कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में कड़ा विरोध और हंगामा किया।

कहीं ठेकेदारी के लिए दबाव तो नहीं  
जिस प्रकार भाजपा समर्थक ने छोटे से मामले को लेकर नगर निगम में हंगामा किया, इसे लेकर नगर निगम में दिनभर चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोगों ने तो हंगामा करने वाले भाजपाइयों पर नगर निगम में ठेकेदारी के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाने की बात कही। 

देहली गेट थानाध्यक्ष को लिया आड़े हाथ  
नगर निगम में भाजपा समर्थकों के हंगामे की सूचना पर देहली गेट थानाध्यक्ष रविन्द्र फलावत पहुंच गए। भाजपाई अपर नगर आयुक्त से नोकझोंक कर रहे थे, तभी इंस्पेक्टर भाजपाइयों की प्रशंसा में जुट गए। जिसको लेकर अपर नगरायुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन नाराज हो गईं। भाजपाइयों के जाने के बाद थानाध्यक्ष को कार्यालय से बाहर जाने की चेतावनी दी।

शहर को अतिक्रमण मुक्त कराना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के लिए प्रदेश की सभी नगर निगमों को रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों का अतिरिक्त दस्ता दिया है। ताकि शहरों की तस्वीर बदले। जाम लगना बंद हो जाए। सीएम के इस सपने को उनकी ही पार्टी के नेता तोड़ने पर आमादा हैं।
CM yogi order to remove encroachment from roads, but Bjp supporters Protest against Meerut police

हर अभियान में लगाते हैं अड़ंगा
भाजपा नेता पिछले तीन साल से पुलिस प्रशासन के हर अभियान में अड़ंगा लगाते हैं। पुलिस जब भी अवैध ई-रिक्शा, ऑटो के खिलाफ अभियान चलाती है तो ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कराने की धमकी दी जाती है। एक साल पहले आरजी कॉलेज के सामने सड़क पर भाजपा कार्यकर्ता का ई-चालान होने पर तत्कालीन महानगर अध्यक्ष भड़क गए थे और महिला कांस्टेबलों से अभद्रता की थी। जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था। दो साल पहले भाजपा के एक नेता ने एसपी सिटी के ऑफिस में गुंडई की थी। उसका भी वीडियो वायरल हुआ था। 10 दिन पहले ब्रह्मपुरी थाने में भी भाजपाइयों ने हंगामा किया था।

महिला से कैसे बात करते हैं, इसका भी ख्याल नहीं किया 
भाजपाइयों ने मेरी गाड़ी को घेरा। कार्यालय में घुसकर हंगामा किया। बैठक के दौरान भी इन जबरदस्ती अंदर घुसकर शोर मचाया। यह ठीक नहीं है। महिला अधिकारी से कैसे बात करते हैं, यह भी इनको याद नहीं रहा। शासन के आदेश पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। नियमानुसार अभियान चलेगा। पूरे प्रकरण से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। -श्रद्धा शांडिल्यायन, अपर नगर आयुक्त

सब पर एक जैसी कार्रवाई
नगर निगम टीम और पुलिस ने संयुक्त रूप से हापुड़ अड्डा चौराहे पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया था। छोले-भटूरे की एक दुकान सड़क पर चल रही थी। हमने अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना भी वसूला था, लेकिन इस दुकानदार ने जुर्माना भी नहीं दिया था। सभी अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ एक जैसी कार्रवाई की गई है। -राजकुमार बालियान, रिटा. कर्नल, प्रभारी प्रवर्तन दल, नगर निगम 

ऐसे तो सुधार नहीं हो सकता
ट्रैफिक पुलिस अतिक्रमण हटाती रही है। पुलिस यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए काम कर रही है। आगे भी अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाया तो क्या गलत किया?  ऐसे तो व्यवस्था सुधर ही नहीं सकती। - संजीव बाजपेयी, एसपी ट्रैफिक

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed