शुक्रवार रात बिजनौर मार्ग पर स्थित बाण नदी के पुल पर अनियंत्रित हुई टवेरा कार पुल की रेलिंग तोड़ती हुई नदी में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। कार में सवार कुछ और लोगों के पानी के तेज बहाव में बह जाने की आशंका जताई जा रही है, जिनकी तलाश कराई जा रही है।
हादसा शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे बिजनौर मार्ग पर गांव अहीरपुरा के पास हुआ। टवेरा कार (पीबी एच 12-9747) पंजाब की बताई जा रही है और यह हादसे के वक्त बिजनौर से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। जिस पुल पर यह हादसा हुआ वह काफी संकरा है।
माना जा रहा है कि हादसे के वक्त कार की स्पीड काफी तेज थी और पुल संकरा होने के कारण चालक इस पर से नियंत्रण खो बैठा। कार नदी में गिरने की सूचना पर थाना नूरपुर और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मुख्यालय से भी अधिकारी मौके की ओर दौड़ पड़े।
इंस्पेक्टर नूरपुर सतेंद्र सिंह और दो सिपाही नदी में कूद पड़े और कार में फंसे एक व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। कार में कुल कितने लोग सवार थे इसका भी पता नहीं चल पाया है।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार में पांच-छह लोग सवार थे, जिनके नदी के तेज बहाव में बह जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने क्रेन मंगाकर कार को बाहर निकलवाया। पुलिस कार के नंबर के आधार पर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस और ग्रामीण नदी में अन्य कार सवारों की तलाश में जुटे थे।