यूपी: 75 जिलों में एक साथ बजेगा एयर रेड का सायरन, लखनऊ मॉक ड्रिल में योगी पहुंचे, हालात से निपटने की तैयारी
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में रविवार शाम छह बजे ब्लैकआउट मॉकड्रिल होगी। इस दौरान करीब दो मिनट तक एयर रेड का सायरन बजेगा और कई इलाकों में बिजली बंद की जाएगी। लखनऊ पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अभ्यास देखेंगे। एक लाख नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की तैयारियां भी परखी जाएंगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में रविवार शाम छह बजे ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से होने वाले इस अभ्यास में युद्ध और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा जाएगा। इस दौरान एयर रेड की चेतावनी देने वाला सायरन करीब दो मिनट तक बजेगा। इसके साथ ही कई इलाकों में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद की जाएगी।
लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम छह बजे यहां पहुंचकर अभ्यास का जायजा लेंगे। मॉकड्रिल में पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत से जुड़ी टीमें हिस्सा लेंगी। इनके बीच आपसी समन्वय और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखा जाएगा।
एक लाख स्वयंसेवकों की तैयारियों का भी होगा परीक्षण
अभ्यास के दौरान प्रदेश में करीब एक लाख नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। सायरन बजने पर संबंधित टीमें सक्रिय होंगी और आपात स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों का प्रदर्शन करेंगी। बिजली आपूर्ति बंद करने की प्रक्रिया भी इसी अभ्यास का हिस्सा होगी।
अधिकारियों के मुताबिक, यह वास्तविक हवाई हमला नहीं बल्कि तैयारियों को जांचने के लिए किया जा रहा मॉक अभ्यास है। लोगों को इससे घबराने की जरूरत नहीं है। अभ्यास पूरा होने के बाद ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा, जिसके बाद सामान्य गतिविधियां फिर शुरू होंगी।
