करोड़ों के आभूषण और गजब के परिधान...., कलश यात्रा में किन्नरों की शान-ओ-शौकत देख लोग हैरान
मेरठ के कंकरखेड़ा में चल रहा अखिल भारतीय किन्नर सम्मेलन इन दिनों शहर में चर्चा का विषय बन रहा है। देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से सम्मेलन में पहुंचे किन्नर यहां देश और की तरक्की और समृद्धि की दुआ करने और अर्धनारीश्वर की आराधना करने के लिए यहां एकत्र हुए हैं। दस दिवसीय इस सम्मेलन के तहत हर रोज विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
धार्मिक गीतों पर किन्नर नृत्य करते चल रहे थे, लोग जगह जगह उनका पुष्प वर्षा कर स्वागत कर रहे थे। करोड़ों रुपये के गहने और आकर्षक परिधानों में सजे किन्नरों को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ युवा भी उनके साथ डांस कर रहे थे। यह नजारा कंकरखेड़ा में आयोजित राष्ट्रीय किन्नर महासम्मेलन में कलश यात्रा के दौरान देखने को मिला। किन्नरों ने शिव मंदिर में अर्धनारीश्वर की आराधना करते हुए घंटा अर्पित किया
कलश यात्रा में आठ मुख्य रथों पर कोकिला दिल्ली, बिदामी दिल्ली, शकुंतला चावला मलियाना मेरठ, आपा अलीगढ़, राजकुमारी हापुड़, रवीना दिल्ली आदि विराजमान थीं। इसके पीछे माई हूरी की रोटी करने वाली विमला किन्नर दौराला-कंकरखेड़ा अपनी टीम के साथ चल रही थी। यात्रा की अगुवाई कर रहे शहर के आधा दर्जन प्रमुख बैंडों ने धार्मिक गीताें की प्रस्तुति दी।
यह भी पढ़ें: अखिल भारतीय किन्नर सम्मेलन: 20 किलो सोना पहनकर पहुंची मेरठ की आलिया, बॉबी ने किया सबको आकर्षित
मुख्य दो रथों पर नैना हापुड़ और कम्मो बागपत दुल्हन के रूप में हाथों पर कलश लेकर बैठी थीं। यात्रा कंकरखेड़ा शिव चौक स्थित गोयल मैरिज होम से आरंभ हुई। कार्यक्रम स्थल पर दोनों दुल्हनों ने विधि विधान से कलश पूजन किया।