यूपी के शामली से गिरफ्तार म्यांमार निवासी चारों युवकों से दूसरे दिन भी पूछताछ जारी रही। पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई के साथ मुजफ्फरनगर से खुफिया विभाग की स्पेशल टीम (विशेष कोष्ठ) ने पहुंचकर आरोपियों से गहन पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने शामली और आसपास के जनपद में कुछ संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी दी है। इसके आधार पर पुलिस अब उक्त संदिग्धों की तलाश में दबिश की तैयारी में है।
म्यांमार के युवकों से रिमांड पर दूसरे दिन भी पूछताछ जारी, सामने आए कई संदिग्ध नाम, अब दबिश की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक सप्ताह पहले कस्बा जलालाबाद में पकड़े गए म्यांमार निवासी चारों युवकों अब्दुल मजीद, नोमान, रिजवान और फुरकान से पूछताछ के लिए एक सप्ताह के रिमांड पर लाया गया है। रिमांड के दूसरे दिन रविवार को शाम तक थानाभवन थाने पर पूछताछ चलती रही। बंद कमरे में पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई ने आरोपी युवकों से उनके साथियों के बारे में पूछताछ की।
मुजफ्फरनगर से खुफिया विभाग की विशेष कोष्ठ (वीके) स्पेशल टीम पहुंची। वीके की टीम ने भी चारों युवकों से अलग-अलग पूछताछ की। टीमों का फोकस म्यांमार निवासी युवकों के साथियों के बारे में जानकारी हासिल करना रहा। सूत्रों की माने तो पूछताछ में पुलिस और खुफिया टीमों को आरोपियों ने कुछ संदिग्धों के नाम बताए हैं, जो म्यांमार के रहने वाले बताए गए हैं।
जानकारी मिली है कि ये संदिग्ध शामली और आसपास के जनपदों में छिपकर रह रहे हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि पकड़े गए युवकों का उनसे लगातार संपर्क रहा है। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी अभी कोई पुष्टि नहीं है।
चारों आरोपियों की बातों में कितनी सच्चाई है। यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा। पुलिस आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश में छापा मारने की तैयारी कर रही है। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही जो स्थिति सामने आएगी, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
एटीएस के आने की भी रही चर्चा
म्यांमार निवासी युवकों से पूछताछ के लिए एटीएस मेरठ की टीम के भी थानाभवन पहुंचने की चर्चा रही, लेकिन अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की। बताया जा रहा है कि जल्द ही एटीएस की टीम पहुंचकर आरोपी युवकों से गहनता से पूछताछ करेगी। एक सप्ताह पहले आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एटीएस मेरठ की टीम आकर पूछताछ कर चुकी है।