बिजनौर में बदमाशों ने तमंचा ताना तो सिपाही बदमाशों से भिड़ गया, पहले तमंचा छीनने का प्रयास किया, एक बदमाश ने सिपाही के सिर में तमंचे की बट मार दी। अफजलगढ़ में राइफल वाले पुलिसकर्मियों पर तमंचे वाले बदमाश भारी पड़ गए। हालांकि सिपाही लड़खड़ाया और संभलकर फिर भिड़ गया। अबकी बार बदमाश ने राइफल छीन लेनी चाही, राइफल को बचाने के लिए सिपाही जूझता रहा। तभी दूसरे बदमाश ने सिर में तमंचे की बट मार दी। जिस पर सिपाही के हाथ से राइफल छूट गई।
राइफल लूट मामला: एक सिर पर करता रहा वार, दूसरे ने छीनी राइफल, घायल होकर भी बदमाशों से लड़ता रहा सिपाही
वायरल वीडियो में यह पूरा क्राइम सीन रिकॉर्ड हुआ है। करीब 45 सेकेंड का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें दो बदमाशों से अंडर ट्रेनी सिपाही ललित कुमार लड़ रहा है। होमगार्ड भी बगल में खड़ा होकर बदमाशों पर अपनी राइफल से हमला करना चाहता था, लेकिन बदमाशों ने होमगार्ड को भी तमंचे की बट से मारा। होमगार्ड भीम सिंह ने बताया कि दोनों बदमाशों के हाथ में तमंचे थे। जिन्होंने संभलने का मौका ही नहीं दिया।
पहले बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी। जिस पर सिपाही ललित ने तमंचा छीन लेने का प्रयास किया था। फिर भी वह और ललित बदमाशों से िभड़ गए। घटना में ललित के सर में चोट आई और वह गिर गया। होमगार्ड ने बताया कि उसके भी हाथ में चोट आई, जिससे वह भी मजबूर हो गया। हालांकि सिपाही के साथ मारपीट कर राइफल लूट कर ले जाने वाले एक बदमाश को दबोच लिया गया है। जिसकी निशानदेही पर सिपाही की राइफल बरामद कर ली गई, जबकि उसका साथी मैगजीन लेकर फरार है। जिसने पकड़ने के लिए अलग अलग स्थानों पर दबिश जारी है। बदमाशों पर उत्तराखंड में कई अपराधिक मामले दर्ज होने का दावा किया जा रहा है।
उत्तराखंड और पड़ोसी जिलों में जारी किया अलर्ट
बिजनौर में सिपाही को घायल कर राइफल लूट लिए जाने के बाद रात में ही पुलिस ने जिले के सभी बॉर्डर घेर लिए थे। नाकेबंदी कर रात में ही चेकिंग की गई। उत्तराखंड समेत पड़ोसी जनपदों के थानों को संदेश जारी करते हुए अलर्ट किया गया। बुधवार को पूरा दिन बॉर्डर से लेकर जिले के अंदर सभी सड़कों पर पुलिस की मुस्तैदी रही। संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई।
वारदात के तुरंत बाद सभी थानों को वायरलेस पर संदेश जारी कर दिया गया। वहीं, चार टीमों ने घटनास्थल के आसपास डेरा डाल लिया। स्वाट और सर्विलांस समेत अन्य टीमें भी बदमाशों की तलाश में जुटी रहीं। कांबिंग की गई। उत्तराखंड के सभी बॉर्डर सील करते हुए वाहनों की तलाशी ली गई। मुरादाबाद, अमरोहा, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर और मेरठ के बॉर्डर पर भी पुलिस की गतिविधियों बढ़ गईं।
71 मिनट में दर्ज किया राइफल लूट का केस
बिजनौर/अफजलगढ़। बदमाशों के सिपाही पर हमला कर राइफल लूटे जाने में पुलिस ने बेहद गंभीरता दिखाई, जिसे इसी से ही समझा जा सकता है कि इस मामले में मात्र 71 मिनट बाद ही केस दर्ज कर लिया गया। रात में 1:56 बजे घायल सिपाही की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई थी।