हरिद्वार काशीपुर नेशनल हाईवे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने सिपाही और होमगार्ड पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर सिपाही को घायल कर दिया और इंसास राइफल लूट ले गए। होमगार्ड भी मामूली रूप से चोटिल हुआ है। घायल सिपाही का उत्तराखंड के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने जिले के सभी बॉर्डर पर नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। वहीं घटना के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खाकी पर पांच बड़े हमले: हाईवे पर फिर वारदात, बदमाशों ने सिपाही से लूटी राइफल, खूब वायरल हो रहा वीडियो
सूचना मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह और एएसपी देहात राम अर्ज रात में ही मौके पर पहुंचे। जिले के सभी थानों को अलर्ट करते हुए बॉर्डर और अन्य जगहों पर चेकिंग की गई। पड़ोसी जनपदों की पुलिस को भी इनपुट भेजा गया।
एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि बाइक सवार दो युवक सड़क पर मैली गिरने को लेकर ट्रक चालक से गाली-गलौज कर रहे थे। हाईवे की पिकैट पर तैनात सिपाही वहां आए तो उनसे मारपीट कर इंसास राइफल छीन ली और फरार हो गए। आरोपियों को पकड़ने के लिए चार टीम गठित की गई हैं।
हमले की वीडियो हो रही वायरल
जिस वक्त बदमाश सिपाही और होमगार्ड पर हमला बोल रहे थे, उस वक्त जेसीबी के ड्राइवर ने वीडियो बना ली। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें सिपाही बदमाशों से लड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। पूरी वारदात वीडियो में कैद हो गई।
दस-दस किलोमीटर तक जंगल में हुई कांबिंग
भुतपुरी क्षेत्र में हुई राइफल लूट की घटना से जिले की पुलिस में हड़कंप मच गया। एएसपी सिटी की अगुवाई में क्षेत्र कोतवाल मनोज कुमार सिंह, रेहड़ थानाध्यक्ष नरेश भाटी और शेरकोट थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ कांबिंग की। भुतपुरी जसपुर मार्ग और धामपुर मार्ग सहित दस-दस किलोमीटर तक आसपास के इलाकों में काम्बिंग कर बदमाशों की तलाश में जुट गए। पुलिस ने भुतपुरी पुल आसपास क्षेत्र में बदमाशों व राइफल की तलाश की मगर सफलता नहीं मिली।
यह भी अनुमान लगाया जा रहा था कि बदमाश राइफल को लेकर ज्यादा दूर तक नहीं जाएंगे। ऐसे में पुलिस ने गोताखोर बुलाकर रामगंगा नदी में राइफल की तलाश कराई। रामगंगा में दर्जनभर गोताखोर उतरे हुए थे। दिनभर पानी में राइफल को तलाश किया जाता रहा।