बिजनौर के नगीना में थोक कारोबारी की पत्नी को बंधक बनाकर घर में डकैती, सामूहिक दुष्कर्म और सिगरेट से दागने की रिपोर्ट नगीना देहात थाने में लिखी जाने की गूंज लखनऊ तक पहुंची। डीआईजी मुरादाबाद ने भी मौका मुआयना किया। इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस गुपचुप तरीके से कड़ियों को सुलझाने में लगी थी। आखिरकार खुलासा हुआ तो सभी हैरत में पड़ गए। मोबाइल ने ही डकैती की झूठी कहानी को बेपर्दा कर दिया।
UP: कर्ज में डूबे प्रेमी की खातिर गढ़ी डकैती-दुष्कर्म की कहानी, दिनभर खूब हुआ हल्ला, शाम को मोबाइल ने खोला राज
खैर, दिनभर चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। आरोपी पुष्पेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया गया कि कारोबारी की पत्नी से आरोपी पुष्पेंद्र की दोस्ती पिछले 12 साल से है। दोनों ही फोन पर बातें किया करते थे। पुष्पेंद्र ने अपनी आईडी पर ही सिम लेकर महिला को दिया था।
फोन करके महिला ने घर बुला लिया था दोस्त
जिस आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करके मामले का खुलासा किया है, उसे महिला ने ही फोन करके घर बुलाया था। चह योजना के तहत अपने संग कटर लेकर पहुंचा था। कटर से अलमारियों के ताले काटकर आभूषण और नकदी चोरी की गई। महिला ने डकैती का रूप देने के लिए चोट के निशान भी खुद ही बनाए। अब खुलासा हुआ तो दुष्कर्म की बातें भी झूठी निकली। सिगरेट से दागने के निशान यातना को पुख्ता करने के लिए बनाए गए थे।
मौके के हालातों से ही संदिग्ध लग रहा था मामला
एएसपी देहात रामअर्ज के अनुसार बुधवार की सुबह सूचना मिलने के साथ ही उन्होंने कारोबारी के घर का मुआयना किया। तब प्रथम दृष्टया ही लगने लगा था कि बदमाशों का दीवार फांदकर आना नामुमकिन है, क्योंकि आठ से दस दीवार उसे फांदनी पड़ती। फिर घनी आबादी के बीच घर का होना और शाम ढलते ही वारदात को अंजाम देना बेहद मुश्किल है। ऐसे में डकैती की सूचना ही संदिग्ध थी।
गाज की आंच से बचे कई पुलिसकर्मी
डकैती और सामूहिक दुष्कर्म की झूठी कहानी का खुलासा होने पर अब पुलिसकर्मियों ने भी राहत की सांस ली है। अगर डकैती वास्तव में हुई होती तो अन्य पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिर सकती थी। बता दें कि इस मामले को लेकर एसपी पहले ने बुधवार की शाम नगीना देहात थानाध्यक्ष विकास कुमार को थाने से हटाते हुए लाइन हाजिर कर दिया था। वहीं कई अन्य पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई होने का अंदेशा बना हुआ था। हालांकि अब खुलासा होने पर नगीना देहात पुलिस ने राहत की सांस ली है।