बदायूं शहर की बाबा कॉलोनी में दो बच्चों की हत्या करने वाला साजिद पूरे परिवार को मिटाने की तैयारी से आया था। मोहल्ले वालों के मुताबिक जब वह दोनों बच्चों की हत्या करके जीने से नीचे उतर रहा था। तब तक आसपास के कई लोग ठेकेदार के घर के सामने पहुंच गए।
जब उन्होंने आरोपी के हाथ में बड़ा सा चाकू देखा तो उन्होंने आनन-फानन ठेकेदार की पत्नी संगीता और मझले बेटे पीयूष को हाथ पकड़कर घर के बाहर खींच लिया लेकिन इसी बीच साजिद भी भाग निकला।
मुख्य आरोपी साजिद अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा सखानू का रहने वाला है। उसकी दुकान ठेकेदार विनोद ठाकुर के घर के सामने सड़क के दूसरी ओर है। वह करीब दो साल से बाबा कॉलोनी में अपनी बाल काटने की दुकान चला रहा था। विनोद के तीनों बच्चे अक्सर उसकी दुकान पर बाल कटवाने जाते थे, जिससे साजिद का उनके घर आना जाना था।
परिवार वालों को कभी अनुमान नहीं था कि वह उनके घर में घुसकर इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। मोहल्ले वालों का कहना है कि वैसे तो साजिद रोजाना रात के नौ-दस बजे अपनी दुकान बंद करके सखानू जाता था लेकिन मंगलवार शाम करीब चार बजे ही अपनी दुकान बंद करके चला गया। इस पर मोहल्ले वालों को आश्चर्य भी हुआ था।
वह रात करीब आठ बजे दोबारा अपने साथियों को लेकर बाबा कॉलोनी पहुंचा। उस वक्त ठेकेदार के घर में उनकी पत्नी संगीता, बड़ा बेटा आयुष, मझला पीयूष और सबसे छोटा बेटा आहान उर्फ हनी था।
आरोपी अपने कपड़ों में चाकू छिपाकर उनके घर में पहुंचा। उस दौरान तीनों बच्चे नीचे खेल रहे थे। साजिद को देखकर संगीता उसके लिए चाय बनाने चली गईं। इतने में साजिद दोनों बच्चों को ऊपर ले गया और उनका काम तमाम कर दिया।