विश्व के सबसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक समागम कुंभ में 24 फरवरी को डुबकी लगाने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और अक्षयवट दर्शन की तैयारियां तेज हो गई हैं। वह अपने मंत्रिमंडल के कई सहयोगियों के साथ संगम में डुबकी लगाएंगे। वहां प्रधान तीर्थपुरोहित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पावन त्रिवेणी की पूजा कराएंगे। पूजा पद्धति व अन्य विधानों पर चर्चा के लिए पुरोहितों को शुक्रवार को बुलाया गया है। उधर, संगम नोज पर पीएम की डुबकी के लिए रैंप के साथ ही पंडाल और सेफ रूम बनाने का काम शुरू हो गया है। पीएम जिस रूट से गुजरेंगे, उसे भी नए सिरे से दुरुस्त कराया जा रहा है।
इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ संगम में डुबकी लगाकर सांस्कृतिक -आध्यात्मिक परंपरा को अक्षुण्य बनाए रखने का संदेश दिया था। पीएम के संगम स्नान और दर्शन को लेकर आला अफसरों ने बृहस्पतिवार को लंबी कसरत की। पीएम के डुबकी लगाने के वक्त अखाड़ा परिषद के कुछ पदाधिकारी और साधु-संत भी संगम नोज पर मौजूद रह सकते हैं। पीएम 30 मिनट तक संगम नोज पर रहेंगे। इस दौरान स्नान के बाद गंगा का अभिषेक और त्रिवेणी पूजन का कार्यक्रम है।
त्रिवेणी तट पर पीएम की पूजा के लिए पांच तीर्थ पुरोहितों की सूची तैयार की जा रही है। यहां स्नान के बाद वह दिव्य व भव्य कुंभ के सेल्फी प्वाइंट पर जाएंगे। इसके बाद पीएम मूल अक्षयवट व सरस्वती कूप में भी हाजिरी लगाएंगे। अक्षयवट की ज्ञान की गहरी जड़ों के दर्शन के बाद पीएम पातालपुरी, सरस्वती कूप से होकर बड़े हनुमान मंदिर जाएंगे। वहां बाघंबरी गद्दी के महंत व अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि महाराज पूजा, आरती कराएंगे। पीएम के आगमन को लेकर मंडलायुक्त, एडीजी समेत कई आला अफसरों ने बृहस्पतिवार को तैयारियों की समीक्षा की। संगम नोज से लेकर अक्षयवट और गंगा पंडाल तक अभेद्य सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों के संबंध में एसपीजी की चार टीमों ने बृहस्पतिवार को ही शहर में डेरा डाल दिया। टीम ने संगम व एयरपोर्ट पहुंचकर जायजा लिया और अफसरों से बातचीत की। एसपीजी की चार टीमें सुबह शहर पहुंची। शहर पहुंचने के बाद चारों ने टीमों ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों पर जाकर सुरक्षा के लिहाज से निरीक्षण किया। एक टीम एयरपोर्ट पहुंची तो अन्य टीमों ने संगम क्षेत्र, अक्षयवट व गंगा पंडाल में पहुंचकर स्थितियों का जायजा लिया।
संगम एरिया में निरीक्षण के बाद वहां पहुंची टीम मेला पुलिस कार्यालय गई, जहां पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में चर्चा की। एक टीम ने अक्षयवट पहुंचकर वहां से आने और जाने वाले रास्तों के बारे में जानकारी ली। एक अन्य टीम ने बम्हरौली एयरपोर्ट पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी हासिल की। साथ ही दिशा निर्देश भी दिए।