मौनी अमावस्या के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं का रेला शहर के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों की ओर दिन भर बढ़ता रहा। इस वजह से शाम के वक्त इलाहाबाद जंक्शन और प्रयाग जंक्शन पर एकाएक भीड़ कुछ ज्यादा ही बढ़ गई। जंक्शन पर आई भीड़ को तो नियंत्रित कर लिया गया, लेकिन प्रयाग स्टेशन पर जगह कम होने की वजह लल्ला चुंगी के पास मौनी अमावस्या की तर्ज एक बार फिर से श्रद्धालुओं को रोक लिया गया। यहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान यहां श्रद्धालुओं की भीड़ ने खूब शोर शराबा किया। पुलिस से भी श्रद्धालुओं की झड़प हुई।
दरअसल मौनी अमावस्या के दूसरे दिन भी लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने संगम स्नान के बाद वापसी की राह पकड़ी। दिन भर श्रद्धालुओं का काफिला जंक्शन, प्रयाग और सिविल लाइंस बस स्टेशन की ओर जाता रहा। फैजाबाद रूट के यात्रियों की भीड़ प्रयाग स्टेशन पर बढ़ी तो वहां आनन फानन में लल्ला चुंगी के पास बैरीकेडिंग कर श्रद्धालुओं को रोक लिया गया।
संगम से पैदल चलकर लल्ला चुंगी पहुंचे श्रद्धालु वहां रोक लिए जाने से भड़क गए। यहां यात्रियों ने खूब शोर शराबा किया। तमाम श्रद्धालु वहां से दांए-बाएं होकर प्रयाग स्टेशन भी पहुंच गए। बहुत से श्रद्धालु ऐसे रहे जो राम प्रिया रोड साइड से दीवार फांदकर प्रयाग रेलवे स्टेशन पर प्रवेश कर गए। इस बीच प्रयाग रेलवे स्टेशन पर स्पेशल ट्रेन का रैक उपलब्ध नहीं थी। बाद में रेलवे अफसरों ने इलाहाबाद जंक्शन पर मौजूद अफसरों से संपर्क कर रैक मांगा। जंक्शन से मौके पर एक रैक प्रयाग रेलवे स्टेशन भेजा गया। इस बीच जिला प्रशासन ने रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक से संपर्क कर सौ बसों को उपलब्ध कराने को कहा।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिलाधिकारी सुहास एलवाई, एसएसपी नितिन कुमार भी मौके पर पहुंच गए। दोनों अफसरों के सामने ही तमाम श्रद्धालु बैरीकेडिंग पार कर दूसरी ओर पहुंच गए। बाद में रोडवेज की ओर से बैंक रोड के पास से बसें उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई। इस दौरान तमाम शटल बसों को फैजाबाद रूट की ओर चलाया गया। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक डा. हरिशचंद्र यादव ने इसकी पुष्टि की है।
नियमित ट्रेनों के लेट होने से भी बढ़ी दिक्कत
प्रयाग रेलवे स्टेशन पर स्पेशल ट्रेनों की कमी के साथ नियमित ट्रेनों के लेट होने से भी यात्रियों को परेशानी हुई। नौचंदी एक्सप्रेस, हरिद्वार एक्सप्रेस, सरयू एक्सप्रेस समेत तमाम ट्रेनें मंगलवार को लेट रही। इस वजह से इन ट्रेनों के भी यात्री प्रयाग में पहुंच गए थे। इसके अलावा कुंभ स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भी अनियंत्रित हो गई।