मां और बहन की हत्या करने वाले आरिफ को शुक्रवार को जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने उसे बुधवार को घटना के बाद ही पकड़ लिया था, लेकिन वह घायल था। उपचार के बाद बृहस्पतिवार को उसकी औपचारिक गिरफ्तारी दिखाई गई। उसने बयान दिया है कि घरवालों से परेशान होकर उसने घटना को अंजाम दिया। कहा कि भाई आजम और बहन निकहत पूरा घर हड़पने की फिराक में थे। माता-पिता भी उन्हीं के साथ थे। उसे लगातार बेइज्जत किया जाता था।
करेली हत्याकांड : मां-बहन का हत्यारा आरिफ बोला - भाई-बहन हड़पना चाहते थे घर, माता-पिता दे रहे थे साथ
करेली के बारह मार्केट के रहने वाले आरिफ ने अपनी मां अनीसा बेगम और बहन निकहत की हत्या के बाद पिता मो. कादिर को भी चापड़ से हमला कर मरणासन्न कर दिया था। आरिफ ने पड़ोसियों और पुलिस वालों पर तेजाब की बोतलें भी फेंकी थीं, जिससे कुछ पुलिसकर्मी और पड़ोसी भी मामूली रूप से घायल हुए थे।
पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि पिता मो. कादिर ने दो मंजिला मकान बनवाया था। ऊपर का पूरा हिस्सा आजम ने ले लिया था। नीचे एक कमरे में वह अपनी पत्नी नौशीन और बच्ची शुबा के साथ रह रहा था। इसी हिस्से में माता-पिता, बहन और भांजा अम्मार उर्फ अरमान भी रहता था। वह माता-पिता से यही कहता था कि घर बेचकर उसे उसका हिस्सा दे दिया जाए, लेकिन उसकी बात सुनने को कोई तैयार नहीं था।
माता-पिता हमेशा आजम और निकहत का पक्ष लेते थे। उसे लगातार बेइज्जत किया जाता था। पत्नी और बेटी के सामने भी उसे खरी खोटी सुनाई जाती थी। वह काफी दिनों से यह सब करने का प्लान बना रहा था। उसने कई दुकानदारों से टॉयलेट साफ करने वाले तेजाब की सैकड़ों बोतलें खरीदी थीं। बुधवार को मौका देखकर उसने घर वालों पर हमला कर दिया।
भाई, भाभी और बहन को मारने की थी योजना
आरिफ ने पुलिस को बताया कि उसने अपने भाई आजम, भाभी शबाना और बहन निकहत को मारने की योजना बनाई थी। मां अनीसा बेगम और पिता मो. कादिर उसके रास्ते में आ गए। उसे रोकने लगे, इस कारण उन पर भी हमला करना पड़ा। पिता मो. कादिर बहन निकहत और उसक बेटे के ऊपर अपनी पेंशन का पूरा पैसा खर्च कर देते थे। उसे एक पैसा नहीं देते थे, इसी कारण वह गुस्से में था।
एफआईआर में आरिफ की पत्नी के साथ दो अज्ञात भी आरोपी
करेली में हुए हत्याकांड में आजम सिद्दिकी ने अपने भाई आरिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आजम ने आरिफ के अलावा उसकी पत्नी नौशीन उर्फ नौशी और दो अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। इसके साथ ही आरोपी की पत्नी की भूमिका की भी जांच हो रही है।
आजम द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक इस कांड में आरिफ के साथ उसकी पत्नी तथा दो अज्ञात भी शामिल थे। आरिफ ने अपने दो साथियों के साथ गेट तथा बाहर निकलने वाले सभी रास्तों पर ताला लगाया और मां व बहन की चापड़ से हत्या कर दी। इसके साथ ही पिता को भी मरणासन्न कर दिया। तेजाब की बोतलें फेंकने में भी तीनों शामिल थे।
घटना में आरिफ और उसके साथियों द्वारा कुल्हाड़ी, चापड़, चाकू और तेजाब का प्रयोग किया गया था। पूरे घटनाक्रम में आरिफ की पत्नी नौशीन भी शामिल है। डीसीपी नगर दीपक भूकर ने बताया कि एफआईआर के तहत जांच की जा रही है। दो अन्य लोगों के शामिल होने के तथ्य भी जांचे जा रहे हैं। आरोपी की पत्नी नौशीन से पूछताछ हुई है। उसकी भूमिका और लोकेशन की जांच हो रही है। जल्द ही सब स्पष्ट हो जाएगा।
तीन दिन पहले मायके चली गई थी नौशीन
आरिफ की पत्नी नौशीन तीन दिन पहले ही बेटी शुबा को लेकर मायके चली गई थी। उसका मायका सोलह मार्केट के पास है। पिता की मौत के बाद उसे गवर्नमेंट प्रेस में नौकरी मिली है। वह कभी ससुराल तो कभी मायके में रहती है। तीन दिन पहले आरिफ और उसके घरवालों में काफी झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह बेटी को लेकर मायके चली गई थी। बुधवार को बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद वह अपने कार्यालय गई थी। नौशीन पर भी हत्याकांड में शामिल होने का आरोप है। आरिफ महीनों से टॉयलेट साफ करने वाले तेजाब की बोतलें इकट्ठा कर रहा था। उसने अपने कमरे में सैकड़ों बोतलें रखी थीं। नौशीन को यह बात पता थी कि नहीं, इसकी जांच की जा रही है।