आगरा जिले के फतेहाबाद ब्लाक के रिहावली गांव में प्राथमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र और जगनेर के चंदसौरा गांव स्थित जूनियर हाईस्कूल मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान होगा। गुरुवार को मतदान के दौरान दोनों जगह हंगामा और वबाल हुआ। हमलावरों ने मतपेटियों को लूट लिया। चंदसौरा के मतदान केंद्र पर मतपेटी लूट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इन घटनाओं के चलते जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभु एन. सिंह ने दोनों बूथों का मतदान निरस्त कर दिया है।
पंचायत चुनाव: आगरा में मतपेटी लूट का वीडियो वायरल, जिले के दो बूथों का मतदान निरस्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव रिहावली में वार्ड-7 से 11 तक चार वार्ड के मतदाता दोबारा मतदान करेंगे। यहां मतदान केंद्र संख्या-6 प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 10 पर पुनर्मतदान होगा। गुरुवार को यहां दो प्रधान प्रत्याशी पक्षों में खूनी संघर्ष के बाद मतपेटियां लूट ली गई थीं। इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि मतपेटियों का अब तक पता नहीं चल सका है।
जगनेर ब्लाक के चंदसौरा ग्राम पंचायत के बूथ संख्या 24 पर भी फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। इस दौरान हमलावरों ने मतदान केंद्र पर पथराव किया। बवाल के दौरान का एक वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ युवक मतदान केंद्र से मतपेटी लेकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने बताया कि दोनो केंद्रों पर मतदान निरस्त किया है। पुनर्मतदान की अधिसूचना जिला प्रशासन अलग से जारी करेगा।
एत्मादपुर की समोगर ग्राम पंचायत में मतदान केंद्र पर रात नौ बजे तक विवाद होता रहा। यहां फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। करीब तीन घंटे तक हंगामा हुआ। शाम 6 बजे मतदान खत्म होने के बाद रात 9 बजे तक पोलिंग पार्टियां नहीं निकल पाईं। फिर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। उन्होंने पोलिंग पार्टियों को मतपेटिकाओं के साथ स्ट्रांग रूम रवाना किया।
जिला पंचायत कंट्रोल रूम पर रिहावली, चंदसौरा, समोगर, धौरउ समेत आठ मतदान केंद्रों से लूटपाट, हिंसा की घटनाएं दर्ज हुईं। इनमें से दो केंद्रों रिहावली और चंदसौरा पर मतपेटियों की लूट और तीन केंद्रों पर मतदान कर्मियों से मारपीट व तीन केंद्रों पर बवाल हुआ। इन मामलों में 30 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 150 आरोपियों की तलाश की जा रही है।