आगरा में पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खोदाई ने तीन लाख से ज्यादा लोगों की मुसीबत और बढ़ा दी। पहली बारिश के बाद ही अलबतिया से बोदला रोड और वहां से लोहामंडी तक पांच किमी में सड़क पर गड्ढों और कीचड़ की भरमार हो गई है। अमर उजाला की टीम ने सोमवार सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों की तकलीफ समझते हुए इस पांच किमी की दूरी तय की, जिसमें तीन किमी का हिस्सा ऐसा रहा, जहां सड़क ही नहीं थी। केवल लाल पत्थर की गिट्टियां ऊबड़-खाबड़ पड़ी मिलीं, जिन पर संवाददाता का दोपहिया वाहन कई बार फिसलने, गिरने से बचा।
अमर उजाला पड़ताल: पांच किमी सड़क में तीन किमी गड्ढे, बारिश में लोगों का चलना दूभर
मारुति एस्टेट चौराहे से पश्चिमपुरी तक तीन किमी की दूरी तय करने में लोगों को 40 मिनट तक लगे। सोमवार सुबह 9 से 11 बजे के बीच लोगों को ज्यादा परेशानी हुई। सीवर लाइन बिछाने के बाद जलनिगम ने डिवाइडर के एक ओर की सड़क पर गिट्टियां बिछा दीं, लेकिन मिट्टी नहीं हटाई, इससे बारिश के बाद कीचड़ हो गई।
यहां कीचड़ से परेशानी ज्यादा
- अवधपुरी से शंकरगढ़ पुलिया तक।
- सुभाष नगर से कलाकुंज तक।
- सिंपकिंस स्कूल से अवधपुरी तक।
- विनय नगर की तीन गलियां।
- श्याम नगर, बालाजीपुरम।
- दहतोरा मोड़, हेमा पेट्रोल पंप के पास।
- पश्चिमपुरी रोड, ईंट मंडी के पास।
- अरविंदपुरम, सेंट फ्रांसिस स्कूल के पास।
- गढ़ी भदौरिया से जगदीशपुरा रोड।
- लोहामंडी से किशोरपुरा रोड।
मारुति एस्टेट चौराहे से पश्चिमपुरी तक कीचड़ के कारण वाहन सवार खोदी गईरोड की जगह दूसरी लेन पर चले। एक ही लेन पर दोनों तरफ का ट्रैफिक होने से बोदला चौराहे और उसके बाद सब्जी मंडी दहतोरा मोड़ पर पुलिया निर्माण के कारण जाम लग गया।
मेयर नवीन जैन ने बताया कि सीवर, पानी की लाइन बिछाने में जिस तरह से लापरवाही बरती जा रही है, उससे मानसून की बारिश के बाद लोगों को दिक्कतें हुई हैं। मैं शासन को इन अधिकारियों की लापरवाही के बारे में अवगत कराऊंगा। मैंने 25 जून तक काम पूरा करने और सड़कों की मरम्मत के लिए कहा था, पर इन्होंने लापरवाही बरती है।