कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर आगरा में हाई अलर्ट हैं। 56 देशों के अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रेलवे, बस स्टेशन के अलावा ताजमहल व आगरा किला पर सैंपलिंग कराने का दावा किया जा रहा है। लेकिन फिर भी लापरवाही जारी है। बाजार और बस अड्डों पर नियम तार-तार हो रहे हैं। आगरा के प्रमुख बाजारों में कोरोना के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। शाहगंज, किनारी बाजार, रावतपाड़ा, लोहामंडी और बिजलीघर के बाजार में लोग बिना मास्क घूम रहे थे। दो गज की शरीरिक दूरी का नियम तार-तार हैं। लोग एक-दूसरे से सटकर चल रहे हैं। यहां कोई रोक-टोक व जांच की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में संक्रमण फैलने का अंदेशा बढ़ रहा है।
ओमिक्रॉन का खतरा: ताजनगरी के लोगों की ये लापरवाही कहीं पड़ न जाए भारी, बाजारों में तार-तार कोरोना प्रोटोकॉल
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि कहीं जाएं तो वहां किसी चीज को न छूएं। घर से बाहर मास्क पहन कर ही निकलें। सार्वजनिक स्थलों पर दो गज की दूरी बनाए रखें। हाथों को बार-बार सैनिटाइज जरूर करते रहें। कोविड विरोधी टीकाकरण की दोनों खुराक लें। छोटे बच्चों को भीड़भाड़ वाली जगह न ले जाएं। बीमार, बुजुर्ग व गर्भवती घर से बाहर न जाएं।
होटल व बार में होगी चेकिंग
क्रिसमस व नव वर्ष समारोह में कोरोना प्रोटोकॉल को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। होटल, बार व कैफे में नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिली हैं। एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि होटल संचालकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। अगर कोई संक्रमित मिलता है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी। 24 दिसंबर को बैठक बुलाई है। जिसमें होटलों में चेकिंग और निगरानी के लिए टीमें तय होंगी। एडीएम सिटी ने कहा कि ओमिक्रॉन संक्रमण को लेकर जिले में सतर्कता बरती जा रही है। ऐसे में लोग खुद जागरूक बनें और कोविड व्यवहार का पालन करें।
जोधपुर, जैसलमेर और बीकानेर घूमकर आई सिकंदरा निवासी 64 वर्षीय महिला मंगलवार को कोरोना संक्रमित मिली है। बीते दो दिन में तीन महिलाओं में कोरोना की पुष्टि हुई है। तीनों के सैंपल जीनोम सीक्वेसिंग के लिए लैब भेजे गए हैं। महिला अपने बेटे के साथ 6 दिसंबर को राजस्थान घूमने गई थी। 12 दिसंबर को आगरा लौटी। बेटा बेंगलुरु चला गया। वहां उसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इधर 18 दिसंबर को निजी लैब में महिला ने कोरोना जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। महिला के पति निकट जिले में कार्यरत हैं जबकि दूसरा बेटा विदेश में रहता है।
ये बरतें सावधानियां
- घर से बाहर बिना मास्क न निकलें।
- हाथों से आंख, नाक, मुंह नहीं छूएं।
- छह फुट की शारीरिक दूरी पालन करें।
- बुजुर्ग, बीमार लोग घर से बाहर न जाएं।
- हाथों को बार-बार साबुन से धोते रहें।
- लक्षण प्रतीत होने पर जांच जरूर कराएं।
फिरोजाबाद: पत्नी पसंद नहीं आई, पति ने डाक से भेज दिया तीन तलाक का पत्र, दो साल पहले हुआ था निकाह