उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना किनारे स्थित राष्ट्रीय महत्व के संरक्षित स्मारक व बगीचों को बाढ़ के पानी से भारी नुकसान हुआ है। महताब बाग में पानी भर गया है। जिसे पर्यटकों के लिए बंद करना पड़ा है। बेबी ताज के नाम से मशहूर एत्माउद्दौला के पिछले हिस्से में यमुना किनारे स्थित कोठरियां डूब गई हैं।
एत्माउद्दौला की पिछली दीवार को छूकर यमुना बह रही है। यहां नूरजहां की कब्र से आगे पर्यटकों को नहीं जाने दिया जा रहा है। बारादरी में जाने पर रोक है। एत्माउद्दौला के संरक्षण सहायक रवि प्रताप मिश्रा ने बताया कि अगले आदेश तक महताब बाग बंद रहेगा। बगीचों में अंदर तक पानी भर गया है। ताज व्यू प्वाइंट डूब गया है। इसके अलावा चीनी का रोजा के बराबर स्थित काला गुंबद स्मारक में पानी भरा है। बत्तीसखंबा, जोहरा बाग, रामबाग स्थित सराय ए-गेट-वे सतकुइयां स्मारक डूब गए हैं।
2 of 5
Flood In Agra: ताजमहल के महताब बाग में घुसा पानी
- फोटो : अमर उजाला
उधर, ताजमहल के रिवर साइड गार्डन में पानी भरा है। खान ए आलम स्मारक में भी जलभराव है। हालांकि ताजमहल में बाढ़ के पानी से किसी तरह का नुकसान नहीं है। एएसआई आगरा सर्किल अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल ने बताया कि नुकसान का विस्तृत आंकलन करने के लिए ड्रोन से सर्वे कराया है। एत्माउद्दौला सब सर्किल के 6-7 स्मारकों में बाढ़ से नुकसान हुआ है। बगीचे खराब हो गए हैं। पानी उतरने के बाद स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
3 of 5
Flood In Agra: बेबी ताज की कोठरियां जलमग्न
- फोटो : अमर उजाला
कोठरियों में भरी सिल्ट
एत्माउद्दौला में ताजमहल की तर्ज पर नदी किनारे 22 कोठरियां बनी हैं। जो बंद रहती हैं। संरक्षण सहायक रवि प्रताप के अनुसार कोठरियां पानी में आधी डूब गई हैं। नदी में बह कर आई सिल्ट जमा हो गई है। जलस्तर बढ़ता रहा तो एत्माउद्दौला को भी पर्यटकों के लिए बंद किया जा सकता है। हालांकि मंगलवार शाम तक स्मारक के अंदर बगीचों में पानी नहीं भरा था। उधर, बाढ़ से आई सीलन को स्मारक के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा है। जिन स्मारकों में लकड़ी के दरवाजे लगे हैं सीलन से खराब हो सकते हैं।
4 of 5
Flood In Agra: एएसआई ने ड्रोन से कराया यमुना के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे
- फोटो : अमर उजाला
पानी उतरने का इंतजार
संरक्षित स्मारकों में पानी भरने के कारण एएसआई ने मंगलवार को ड्रोन से सर्वे कराया है। प्रारंभिक सर्वे में 6-7 स्मारक प्रभावित मिले हैं। विस्तृत सर्वे के लिए एएसआई को जलस्तर कम होने का इंतजार है। यमुना का पानी उतरने के बाद एएसआई नुकसान का वास्तविक आकलन करेगा। ताजमहल में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक नहीं हैं।
5 of 5
Flood In Agra: लगातार बढ़ रहा यमुना का जलस्तर
- फोटो : अमर उजाला
कुओं पर रखी है ताज की नींव
ताजमहल की संरचना यमुना को ध्यान में रखते हुए की गई थी। इसकी नींव कुओं के ऊपर रखी है। जब ताजमहल तामीर हुआ था तब यमुना स्मारक से सट कर बहती होगी। वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी का कहना है कि यमुना का जलस्तर बढ़ने से ताजमहल को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं होता। कुएंदार चिनाई होने के कारण सीलन की समस्या नहीं। उन्होंने बताया कि रिवर साइड में जिस बगीचे में पानी भरा है वह बाद में बनाया गया था।