कासगंज के ढोलना थाना क्षेत्र के कस्बा बिलराम में मंगलवार की दोपहर प्रेमी युगल ने पंखे पर फंदा लगाकर जान दे दी। प्रेमी युगल अलग-अलग जातियों का था। प्रेमी युगल की मौत से दोनों ही परिवारों में कोहराम मच गया। युवक के पिता ने युवती के परिजनों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है, लेकिन जांच के बाद पुलिस ने पिता के आरोपों को नकार दिया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। डीआईजी दीपक कुमार एवं एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीआईजी और पुलिस अधीक्षक ने इसे प्रेम प्रसंग के चलते जान देने का मामला बताया है।
आत्महत्या करने वाला युवक शिवम (20) पुत्र अरविंद कुमार और उसकी प्रेमिका शोभा कुशवाहा (18) पुत्री सुरेश मंडी मोहल्ले के निवासी थे। जांच में सामने आया कि शोभा के परिवार के लोग बाहर गए थे। जिसके चलते प्रेमी शिवम अपनी प्रेमिका के घर पहुंच गया। जहां दोनों ने एक साथ घर की छत पर बने कमरे में पंखे के हुक में दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
2 of 5
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
युवक और युवती ने अलग-अलग दुपट्टों का फंदा बनाया था। इस घटना की जानकारी दोपहर में 12 बजे तब हुई जब युवती की बुआ मीरा छत पर बने कमरे में शोभा को खोजते हुए पहुंची। आवाज देने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया न होने पर बुआ ने कमरे के अंदर देखा तो शोभा और शिवम का शव फंदे से लटका मिला। यह देखकर बुआ चीख पड़ी। चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भागकर छत पर पहुंच गए।
3 of 5
मामले की जानकारी लेते डीआईजी
- फोटो : अमर उजाला
मौके पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी युगल के शव को फंदे से नीचे उतारवाने के साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण किया।
4 of 5
मौके पर पहुंची डॉग स्क्वाइड की टीम
- फोटो : अमर उजाला
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई। युवक के पिता अरविंद ने युवती के परिजनों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया। लेकिन देर शाम तक पिता ने इस संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी थी।
5 of 5
विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी दीपक कुमार ने बताया कि कस्बा बिलराम में प्रेम प्रसंग में युवक युवती ने फंदे पर लटक कर जान दी है। ऑनर किलिंग की कोई आशंका नहीं है। फिर भी पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस अधीक्षक को गहनता से जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।