दवाओं की तस्करी में कुख्यात आगरा गैंग के बाद ताजनगरी में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। यहां की एक फर्म में एक्सपायर हो चुकी दवाइयों को दोबारा पैकिंग कर बेचा जा रहा था। इन दवाओं को पहले किलो के हिसाब से खरीदा जाता था। इसके बाद दोबारा पैकिंग कर फलों की पेटियों में भरकर दूसरे जिलों में सप्लाई की जाती थी। सोमवार को चार मंडलों के आठ औषधि निरीक्षकों ने आगरा में कई ठिकानों पर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
एक्सपायर दवा के 'काला कारोबार' का खुलासा, बिक्री के लिए फलों की पेटियों में होती थी सप्लाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर के आवास विकास सेक्टर-12 स्थित सत्यम प्लाजा में चल रही फर्म राजौरा डिस्ट्रीब्यूटर्स में एक्सपायर हो चुकी दवाइयों को दोबारा पैकिंग कर बेचा जा रहा था। औषधि विभाग की टीम ने सोमवार दोपहर को फर्म पर छापा मारा तो इस काले कारनामे का खुलासा हुआ। फर्म से भारी मात्रा में दवाइयां, रैपर, पैकिंग मशीनें बरामद की गई हैं। फर्म मालिक दोनों भाई प्रदीप राजौरा और धीरज राजौरा को हिरासत में ले लिया गया है।
राजौरा बंधुओं की फर्म से दवाइयों को अनार की पेटियों में पैक करके भेजा जा रहा था। पैकिंग मशीन के साथ ही यहां पर अनार, आम की खाली पेटियां मिली हैं। इन पर अनार, आम के चित्र बने हैं और गिफ्ट पैक लिखा है। आशंका है कि यहां से बगैर बिल के भी दवाइयां बेची जा रही थीं। जीएसटी विभाग को इसकी सूचना दी जाएगी।
इससे पहले तस्करी और नशे की दवाइयों के मामले में बगैर बिल के बिक्री का खुलासा हो चुका है। एक फर्म का लाइसेंस भी निरस्त किया जा चुका है। कमला नगर में दवा तस्कर पंकज गुप्ता के गोदाम में मिली दवाइयों के साथ चने और आटे की बोरियां मिली थीं। तब यह खुलासा हुआ था कि आटे और चने की बोरियों के बीच रखकर दवाइयों को पंजाब, हरियाणा सहित आठ राज्यों में बेचा जाता था। ऐसा जीएसटी चोरी के लिए किया जाता है।
1. आगरा गैंग के कारनामों की जांच के दौरान औषधि विभाग को राजौरा बंधुओं की फर्म का पता चला।
2. राजौरा बंधुओं की फर्म की जांच में यहां एक्सपायर हो चुकी दवाइयों को दोबारा पैक करके बेचे जाने की जानकारी मिली।
3. पूछताछ में पता चला कि राजौरा बंधु मथुरा के सौरभ शर्मा की फैक्टरी से दवाइयां खरीदते हैं।
4. इस पर एक टीम ने मथुरा पहुंचकर फैक्टरी में छापा मारा।
5. राजौरा बंधुओं से जगदीशपुरा और सौरभ शर्मा से सिकंदरा थाना में पूछताछ की जा रही है।
(जैसा औषधि निरीक्षक नरेश मोहन ने बताया)