आगरा में देवोत्थान एकादशी पर सड़कों पर बैंड-बाजा और बरात न निकलने की पाबंदी का असर नहीं हुआ। बुधवार को सिकंदरा, बोदला, कमला नगर और यमुनापार में बैंड-बाजा-बरात सड़कों पर ही निकले। तीनों जगह दोपहर और फिर रात को ट्रैफिक जाम हो गया। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए जूझना पड़ा। बोदला और यमुनापार में रात नौ से 12 बजे तक जाम रहा। हाईवे पर रात नौ से दस बजे तक लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ी। वाहनों की लंबी कतार लग गई।
2 of 5
शहर के साकेत नगर चौराहे पर लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
बोदला में आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-1 के हरीश शर्मा भी जाम में फंस गए। उन्होंने बताया कि वह भी शादी समारोह में आए थे। बैंक्वेट हाल से निकलते ही ट्रैफिक जाम मिला। दो घंटे लग गए घर पहुंचने में, जबकि रास्ता 20 मिनट का ही है। कमला नगर में अजय अग्रवाल ने बताया कि रात में बरात की चढ़त के कारण जाम लगा।
3 of 5
बरात के कारण कई जगह लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
शादी के अनसूझ मुहूर्त वाले दिन ट्रैफिक जाम की समस्या हर बार फतेहाबाद रोड और माल रोड पर आती है लेकिन इस बार यहां गनीमत रही कि रात में ट्रैफिक जाम नहीं हुआ। इसकी वजह यह रही कि यहां पुलिस शाम को ही तैनात कर दी गई थी। होटलों के बाहर गाड़ी भी पार्क नहीं करने दी गई। हालांकि दिन में माल रोड पर दोपहर तीन बजे जाम लगा था जो आधा घंटा में खुला।
4 of 5
बोदला चौराहे पर लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि माल रोड और फतेहाबाद रोड पर जाम नहीं लगा। अन्य जगह जाम लगने की सूचना पर पुलिस गई और जाम खुलवाया।
5 of 5
मास्क पहनकर दूल्हा-दुल्हन ने डाली वरमाला
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना से बचाव के लिए जारी की गई पाबंदियों के बीच देवोत्थान एकादशी पर बुधवार को शहर में लगभग एक हजार जोड़े एक दूसरे के हो गए। 800 होटल, मैरिज होम, धर्मशाला फुल रहे। दूल्हा-दुल्हन ने सैनिटाइज की गई माला को मास्क पहनकर जयमाला की रस्म पूरी की। होटलों में थर्मल स्क्रीनिंग कर प्रवेश दिया गया।