आगरा के ताजगंज के कोल्हाई मोहल्ले में मंगलवार शाम मायके में रह रहीं कुंती देवी (40) की घर चलने से मना करने और पिता के सामने थप्पड़ मारने पर पति रणवीर उर्फ रानू ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पति से झगड़े के बाद कुंती दो बच्चों के साथ एक साल से मायके में रह रही थीं।
शाम करीब चार बजे रणवीर ससुराल पहुंचा और कुंती के बाल पकड़कर घसीटते हुए बाहर ले जाने लगा। विरोध पर चाकू से एक के बाद कई वार किए। घायल महिला की इलाज के दाैरान मौत हो गई। वहीं हमले के बाद भागते समय आरोपी को मोहल्ले के लोगों ने पकड़ लिया।
2 of 12
कुंती की हत्या के बाद जांच के लिए पहुंची पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ताजगंज के कोल्हाई मोहल्ला निवासी कुंती देवी की शादी 21 साल पहले डौकी स्थित कुंडौल, पवावली निवासी रणवीर उर्फ रानू से हुई थी। रणवीर एक कोल्ड स्टोरेज में मजदूरी करता है। उसके एक बेटा और एक बेटी है। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि पति-पत्नी के बीच एक साल से विवाद चल रहा था। पति के शराब पीने और पिटाई से परेशान होकर कुंती मायके आ गई थीं और पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी थी। कोर्ट में मामला विचाराधीन है।
3 of 12
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पति
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कुंती देवी की ताई माया ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह रणवीर अपने पिता राम प्रसाद के साथ घर आया था। उसने कुंती पर घर चलने का दबाव बनाया। मगर वह नहीं जाना चाहती थी, इसलिए मना कर दिया। इससे नाराज होकर धमकी देते हुए एक घंटे बाद पिता को लेकर चला गया। शाम करीब चार बजे वह शराब पीकर फिर आया। घर के बाहर बाइक खड़ी की और अंदर घुस आया। कुंती कुछ समझ पातीं उससे पहले ही उसने बाल पकड़ लिए।
4 of 12
मृतक कुंती देवी की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पड़ोस की महिला भी घर में बैठी थी। उसने शोर मचाया लेकिन आरोपी कुंती को घसीटते हुए बाहर ले जाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू निकाल लिया और कुंती के सीने, पेट और हाथ पर ताबड़तोड़ छह वार कर दिए। इससे कुंती लहूलुहान हो गईं। घर के फर्श पर खून ही खून फैल गया। यह देखकर आरोपी घर से निकलकर भागने लगा। पड़ोसियों ने पीछाकर उसे दबोच लिया।
5 of 12
घटना की जानकारी देते परिजन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घटना की जानकारी पर एसीपी ताज सुरक्षा थाना ताजगंज की फोर्स के साथ पहुंच गए। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल महिला को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया और हालत गंभीर होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भेज दिया गया। इलाज के दाैरान महिला की मौत हो गई। एसीपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी ने बताया कि पिता के सामने थप्पड़ मारने से वह नाराज था।