टी-20 वर्ल्ड कप शुरू होते ही आस्ट्रेलिया ने माइंड गेम भी शुरू कर दी है। धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले आस्ट्रेलिया बल्लेबाज शेन वाटसन ने कहा कि न्यूजीलैंड पर भारी पड़ेंगे। बकौल वाटसन न्यूजीलैंड के पेस बैटरी के खिलाफ रणनीति तैयार कर ली है।
भारत को हराने वाली न्यूजीलैंड को वाटसन की चुनौती, कहा हम ही जीतेंगे
बेशक भारत पर मिली जीत से न्यूजीलैंड के हौसले बुलंद हैं लेकिन हम किसी से कम नहीं। हम विरोधियों पर भारी पड़ेंगे। न्यूजीलैंड के टीम साउदी और ट्रेंट बोल्ट का सामना करने के लिए खास रणनीति बनाई गई है। धर्मशाला की विकेट देखकर हमने तैयारियां की हैं।
उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया टीम किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेना चाहती है। उधर, टीम ने कप्तान स्टीवन स्मिथ के साथ बुधवार को ग्राउंड में खूब प्रेक्टिस की। धर्मशाला स्टेडियम में प्रेसवार्ता के दौरान वाटसन ने कहा कि वह पहली बार धर्मशाला खेलने के लिए आए हैं।
वर्ल्ड क्रिकेट के लिए यहां का संरचनात्मक ढांचा तारीफ के काबिल है। यहां का मौसम बेहतरीन है। उन्होंने कहा कि वे इससे पहले मोहाली में खेल चुके हैं। तब से ही उन्हें धर्मशाला आने की इच्छा थी। उन्होंने धर्मशाला के बारे में काफी सुना था।
18 मार्च को आस्ट्रेलिया से मैच को लेकर न्यूजीलैंड की टीम भी मंगलवार को पहुंच गई। कांगड़ा एयरपोर्ट से द पेवेलियन पहुंची न्यूजीलैंड की टीम के अपने पहले मुकाबले में भारत के खिलाफ जीत से आगाज के चलते हौसले बुलंद हैं।