प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगार युवाओं का आंकड़ा लगभग 8 लाख पहुंच चुका है। इस बात को ध्यानर में रखते हुए प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए रोजगार मेले लगाने का प्रयास कर रही है।
पत्रकार वार्ता में प्रो. राम ने कहा कि हरोली विस क्षेत्र के स्किल डेवलपमेंट सेंटर पालकवाह में पहली मार्च को रोजगार मेला लगाया जाएगा, जिसमें देश की 30 नामी कंपनियां लगभग 3000 युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगी।
प्रो. राम कुमार ने कहा कि स्किल डेवलपमेंट सेंटर पालकवाह में होने वाले रोजगार मेले में देश की वर्धमान टेक्सटाइल, टीवीएस मोटर आंनद ग्रुप ऑफ कंपनीज, मैक्लो ट्यूनर बद्दी, ब्लू स्टार लुधियाना, सोना स्टर्नग नोएडा, जेवीएन ऑटो दिल्ली, आईटीसी लुधियाना, नेरोलेक लुधियाना, सुजुकी मोटर्स, बजाज मोटर्स, दीपक फास्टनर लुधियाना सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि इस शिरकत करेंगे।
रोजगार के लिए दसवीं, बारहवीं, डिप्लोमा होल्डर, बीबीए, बीसीए, बीटेक, बीए, बीकॉम, बीएससी, एमएससी और ग्रेजुएट ओर पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं के साक्षात्कार लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सहयोग से प्रदेश के हर क्षेत्र में युवाओं को नशा मुक्त करना और निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने के लिए अहम कदम उठाए जा रहे हैं। इस मौके पर रोजगार मेला प्रबंधक प्रतीक आहलुवालिया, राजीव राणा भी उपस्थित थे।
इंटरव्यू के लिए ये दस्तावेज लाएं साथ
साक्षात्कार के लिए आधार कार्ड, पास पोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है। प्रो. राम कुमार ने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार के अवसर दिलाने के लिए देश की नामी कंपनियां बुलाई जा रही हैं और यह नौजवानों के लिए एक सुनहरा अवसर है।