प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने टीजीटी के बैच वाइज 381 नए पद भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टीजीटी आर्ट्स के 197, टीजीटी नॉन मेडिकल के 132 पद और टीजीटी मेडिकल के 52 पद काउंसलिंग के माध्यम से भरे जाएंगे। 15 से 31 मार्च तक पद भरने के लिए काउंसलिंग होगी।
टेट क्वालिफाई करने वाले ही भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पात्र होंगे। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए जिला स्तर पर तीन सदस्यीय कमेटियां गठित कर दी हैं। 15 अंकों के आधार पर काउंसलिंग की जाएगी।
बीते साल नवंबर महीने में हुई कैबिनेट बैठक में टीजीटी के 835 नए पद भरने को मंजूरी दी गई थी। इसी कड़ी में निदेशालय ने 381 पद बैच वाइज भरने की प्रक्रिया शुरू की है। शेष पद सीधी भर्ती से भरने के लिए कर्मचारी चयन आयोग को मामला भेजा गया है।
बैच वाइज भर्ती के तहत टीजीटी आर्ट्स में 67 पद, नॉन मेडिकल में 30 पद और मेडिकल में 12 पद सामान्य श्रेणी से भरे जाएंगे। आर्ट्स में ओबीसी कोटे से 32, एससी से 38 और एसटी से 7 पद भरे जाएंगे। नॉन मेडिकल में ओबीसी से 18, एससी से 20, एसटी से 3 और मेडिकल में ओबीसी से 11, एससी से 6 और एसटी से दो पद भरे जाएंगे।
अनुबंध आधार पर होने वाली भर्ती में चयनित होने वाले शिक्षकों को 13900 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। 18 से 45 साल की आयु के लोग भर्ती में शामिल हो सकेंगे। आर्ट्स और मेडिकल में सामान्य वर्ग का साल 2000 का बैच चल रहा है। नॉन मेडिकल में सामान्य वर्ग का 1999 का बैच चल रहा है।