लोकसभा चुनाव में चुनाव प्रचार के लिए हिमाचल कांग्रेस ने हाईकमान को 46 नेताओं के नामों की सूची भेजी है। लोकसभा चुनाव में पंडित सुखराम और बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर हिमाचल में कांग्रेस के स्टार प्रचारक होंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने चुनाव प्रचार के लिए हाईकमान को 46 नेताओं के नामों की सूची भेजी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, वीरभद्र सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू और कैप्टन अमरिंद्र सिंह को भी स्टार प्रचारक बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने डिमांड भेजी है।
पूर्व केंद्रीय संचार राज्य मंत्री पंडित सुखराम बीते दिनों ही अपने पौत्र आश्रय शर्मा के साथ कांग्रेस में शामिल हुए हैं। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस ने पंडित सुखराम की लोकप्रियता का लाभ उठाने के लिए उन्हें प्रदेश में कांग्रेस का स्टार प्रचारक बनाने का फैसला लिया है।
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर की ओर से प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल को भेजी गई स्टार प्रचारकों की सूची में गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, रजनी पाटिल, अंबिका सोनी, मनीष तिवारी, रणदीप सिंह सुरजेवाला, अशोक गहलोत, कमल नाथ का नाम शामिल है।
इसके साथ ही राजीव शुक्ला, हरीश रावत, गुरकीरत सिंह, सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिंधिया, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुलदीप सिंह राठौर, सुधीर शर्मा, राजेश धर्माणी, राज बब्बर, आशा कुमारी, मुकेश अग्निहोत्री, कुलदीप शर्मा, विद्या स्टोक्स, विप्लव ठाकुर, कौल सिंह ठाकुर, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कुलदीप कुमार, जीएस बाली और शारदा राठौर को स्टार प्रचारक बनाने के लिए मांग की गई है।