चार साल बाद भी गारंटियों पर सवाल: जयराम ने सुक्खू सरकार को घेरा; 1500 रुपये और 300 यूनिट बिजली का मुद्दा उठाया
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने और 300 यूनिट मुफ्त बिजली के वादे पूरे नहीं होने का आरोप लगाया। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की गारंटियों को लेकर सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला में प्रेस वार्ता कर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चार साल तक चुनावी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठाए और अब चुनावी वर्ष नजदीक आते ही नई घोषणाओं के जरिए जनता को आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री की 'अपना परिवार सुखी परिवार' योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रदेश में करीब 18 लाख परिवार हैं तो इस योजना का लाभ केवल चुनिंदा परिवारों तक ही क्यों सीमित रखा जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने 18 से 59 वर्ष की सभी महिलाओं को पहली कैबिनेट बैठक से 1,500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी। उनके अनुसार, उस समय पात्रता या आय सीमा को लेकर ऐसी शर्तें नहीं बताई गई थीं।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में इस आयु वर्ग की लगभग 28 लाख महिलाएं हैं। 48 महीने के हिसाब से प्रत्येक महिला के 72 हजार रुपये बनते हैं और कुल राशि करीब 20 हजार करोड़ रुपये होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि अब केवल 3.50 लाख महिलाओं को लाभ देने की घोषणा की गई है तो बाकी महिलाओं को इस योजना से बाहर क्यों रखा गया है।
सरकार ने कैबिनेट में योजना को दी मंजूरी
इस राजनीतिक बयानबाजी के बीच 13 नवंबर को हुई हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू करने को मंजूरी दी गई। सरकार के फैसले के अनुसार 18 से 59 वर्ष की आयु वाली 3.50 लाख पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक सहायता दी जाएगी। पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का प्रावधान भी योजना में शामिल किया गया है। हालांकि, योजना का लाभ आय सीमा और अन्य पात्रता शर्तों के आधार पर मिलेगा।
नेता प्रतिपक्ष ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने सामान्य परिवारों की बिजली खपत को देखते हुए 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा शुरू की थी। कांग्रेस ने चुनाव के दौरान इसे बढ़ाकर 300 यूनिट करने का वादा किया था, लेकिन उनके अनुसार यह वादा सभी परिवारों के लिए पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा को भी सीमित पात्र परिवारों तक रखा जा रहा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि जब चुनाव के समय सभी परिवारों को राहत देने की बात कही गई थी तो अब पात्रता सीमित क्यों की जा रही है।
जयराम ठाकुर ने पांच लाख रोजगार देने, पहले वर्ष में एक लाख नौकरियां उपलब्ध करवाने, दूध खरीद और गोबर खरीद की गारंटियों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि दूध उत्पादकों को चार से छह महीने तक भुगतान नहीं मिल रहा है। सप्ताह में केवल पांच दिन दूध खरीदने के निर्देशों से पशुपालकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि अधिकतर किसानों को दूध के लिए 49 रुपये प्रति लीटर से अधिक कीमत नहीं मिल रही है। जयराम ठाकुर ने सरकार से इन मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस सरकार के भीतर कथित असंतोष का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने एक विधायक की ओर से मंत्री पद को लेकर 11 दिसंबर की समयसीमा दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने विधायकों से किए वादों को लेकर भी सवालों के घेरे में हैं।
शीतकालीन सत्र में इन मुद्दों को उठाएगी भाजपा
जयराम ठाकुर ने कहा कि आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भाजपा भ्रष्टाचार के आरोपों, सरकारी संपत्तियों के निजी संचालन, प्रदेश में बढ़ते नशे, कानून व्यवस्था और बदहाल सड़कों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर से दौरों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से दौरे कर रहे हैं, जबकि प्रदेश की कई सड़कों की हालत खराब है और आम लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
