प्रचंड गर्मी ने हिमाचल को भी अपनी चपेट में ले लिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते पारे से पसीने छूट रहे है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में लू से लोग बेहाल है। हिमाचल में मंगलवार को सीजन का सबसे गर्म दिन गुजरा। प्रचंड गर्मी लोगों के पसीने छुड़ाने लगी है।
मंगलवार को ऊना में इस सीजन का सबसे अधिक पारा 43.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जिला प्रशासन ने आगामी दिनों में भयंकर गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है। पारा बढ़ने के साथ ही ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों में लू चलना शुरू हो गई है।
उपायुक्त ऊना राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि बढ़ते तापमान को देखते हुए आगामी दिनों में गर्म हवाएं/लू चलने के आसार दिख रहे हैं। ऐसे में लोगों से आग्रह किया है कि अपनी सेहत के प्रति सर्तक रहें। लू खतरनाक साबित हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 28 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। ऐसे में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान और बढ़ने के आसार हैं। शिमला, डलहौजी और धर्मशाला में भी गर्मी अपना रंग दिखाने लगी है। न्यूनतम तापमान में भी उछाल आ गया है। सोमवार रात को ऊना में न्यूनतम तापमान 20 और शिमला में 18 डिग्री रिकार्ड हुआ।
लू से ऐसे बचें
गर्मी के दिनों में भूखे नहीं रहना चाहिए । जब भी घर से बाहर निकलना हो भरपेट भोजन करके निकलना चाहिए। इस मौसम में शरबत, गन्ने का रस, लस्सी आदि का भी सेवन करना चाहिए।