आधा हिमाचल बुधवार को एक बार फिर बर्फ से लकदक हो गया है। पहाड़ों की रानी शिमला, पर्यटन नगरी मनाली और बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा की नगरी मैक्लोडगंज समेत रोहतांग, जलोड़ी, केलांग, डलहौजी, कुफरी और मंडी जिला के कई इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है।
ताजा हिमपात के बाद कई क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नेशनल हाईवे कुल्लू-मनाली और शिमला-रामपुर सहित प्रदेश भर में 303 छोटी-बड़ी सड़कें बंद हो गई हैं।
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने एक हफ्ते तक मनाली से चलने वाली लंबी रूटों की बसों को अब कुल्लू से चलाने का फैसला लिया है। एचआरटीसी की 100 से अधिक बसें जगह-जगह फंसी हुई हैं जबकि 500 रूट ठप हैं।
किन्नौर और शिमला जिलों के स्कूलों में बुधवार को छुट्टी कर दी गई। किन्नौर और मंडी के सराज में वीरवार को भी छुट्टी घोषित कर दी गई है।
ताजा बर्फबारी से प्रदेश के छह क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस में रिकॉर्ड हुआ। अधिकतम तापमान में भी 4-5 डिग्री कम हो गया है। प्रदेश में भी शीतलहर तेज हो गई है।