प्रदेश के तीन जिलों सिरमौर, ऊना और चंबा में मंगलवार रात और बुधवार सुबह जमकर बादल बरसे। पालमपुर और बिलासपुर के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हुई।
ऊना जिला मुख्यालय में उचित निकासी न होने से बारिश का पानी दुकानों और घरों में घुस गया। भूस्खलन से राष्ट्रीय उच्च मार्ग चंबा-भरमौर दिनका घार के पास बंद हो गया। इससे चंबा से भरमौर जाने वाली तीन एचआरटीसी और आधा दर्जन निजी बसों सहित सैकड़ों छोटे वाहन फंस गए।
पांच घंटे बाद मार्ग खुला। चंबा-तीसा मार्ग पर कल्हेल नामक स्थान पर चट्टानें गिरने से यातायात अवरुद्ध हो गया।
सिरमौर में भी मूसलाधार बारिश से आधा दर्जन से अधिक मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। पांवटा में लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया। नाहन-पांवटा एनएच बोहलियों के पास मलबा आने से एक घंटा बंद रहा।
नाहन-रामाधौण, नाहन-कौलांवालाभूड़ वाया सैनवाला और वाया सुरला, ददाहू-संगड़ाह, जमटा-बिरला के अलावा गिरिपार क्षेत्रों और पच्छाद इलाके की कई मुख्य सड़कों समेत संपर्क मार्ग बंद रहे।