हिमाचल में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ेगा। चार और पांच मई को सूबे के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को चार जिलों शिमला, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश में 9 मई के बाद मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। रविवार को शिमला में बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप भी खिली रही। केलांग का न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान बरठीं में 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
उधर, रविवार को रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ। रोहतांग में 15 सेंटीमीटर, कोकसर, सिस्सू और गोंधला में 9 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई। रोहतांग में बर्फबारी और मार्ग में भूस्खलन से रोहतांग दर्रा एक बार फिर वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है।
खराब मौसम के चलते मनाली से लाहौल की ओर निकले 100 से अधिक वाहनों को मढ़ी से वापस भेजा गया है। रविवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान शिमला में 13.0, सुंदरनगर 16.2, भूंतर 13.8, कल्पा 6.4, धर्मशाला 13.0, ऊना 21.8, नाहन 22.2, केलांग 3.6, पालमपुर 14.5, सोलन 16.5, मंडी 8.8, कांगड़ा 17.0, मंडी 18.6, बिलसापुर 19.0, हमीरपुर 19.2, चंबा 15.9, डलहौजी 7.9 और कुफरी 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान शिमला में 22.7, सुंदरनगर 28.1, भुंतर 20.8, कल्पा 20.4, धर्मशाला 23.4, ऊना 34.8, नाहन 30.8, सोलन 30.0, कांगड़ा 28.1, बिलासपुर 30.0, हमीरपुर 29..7, चंबा 25.2, डलहौजी 17.1 और केलांग 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।