पांच से अधिक सदस्यों वाले परिवारों को प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। हिमकेयर स्वास्थ्य योजना का लाभ लेने के लिए अब इन परिवारों के दो कार्ड बनाए जाएंगे।
वीरवार को विधायक राकेश पठानिया की ओर से गैर सरकारी सदस्य दिवस के तहत हेल्थ केयर इंश्योरेंस पॉलिसी को लेकर लाए गए प्रस्ताव का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने यह खुलासा किया। उन्होंने कहा कि 193 पंजीकृत अस्पतालों में स्वास्थ्य बीमा योजनाओं का लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार के जवाब के बाद राकेश पठानिया ने संकल्प प्रस्ताव वापस ले लिया। परमार ने बताया कि प्रदेश में कई परिवारों में सदस्यों की संख्या पांच से अधिक भी है। ऐसे में यह परिवार सुविधा से वंचित न रहें, इसके लिए सरकार ने हर सदस्य को योजना के तहत लाने के लिए दो कार्ड बनाने का फैसला लिया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि आयुष्मान और हिमकेयर दोनों योजनाओं का लाभ एक साथ नहीं मिलेगा। स्वास्थ्य संस्थानों के साथ-साथ यह कार्ड लोकमित्र केंद्रों में 30 रुपये का शुल्क देकर बनाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां केंद्र सरकार की तर्ज पर पांच लाख रुपये की बीमा कवर स्कीम को शुरू किया गया है।
प्रदेश के 35 निजी अस्पताल इस सेवा का लाभ प्रदान करने के लिए अधिकृत किए गए हैं। आयुष्मान योजना के तहत 1800 बीमारियों के इलाज को शामिल किया गया है। प्रदेश में 12 फरवरी 2019 तक इस योजना में 2 लाख 69 हजार लोगों को पंजीकृत किया गया है जबकि इसमें से 5336 लोगों के इलाज पर 5 करोड 71 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। 31 मार्च 2019 तक हिमकेयर योजना के तहत कार्ड बनाए जाएंगे।