टीम इंडिया ने लगातार तीसरी बार कबड्डी वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। लेकिन इस बार फाइनल मैच में लोगों ने ऐसी कबड्डी देखी जो पहले कभी नहीं हुई। हिमाचली स्टार अजय ठाकुर एक जादूगर की तरह खेल रहे थे।
यह अजय ठाकुर का जलवा ही था कि कप्तान अनुप कुमार उन्हें लगातार रेड पर भेज रहे थे। अजय ने भी निराश नहीं किया और ईरान के पाले में ऐसा तहलका मचाया कि विरोधी टीम अंत तक इससे उबर नहीं पाई। अजय ठाकुर ने 17 रेड में 12 अंक हासिल कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
पहले हॉफ में पिछड़ने वाली टीम इंडिया एकाएक बढ़त पर आ गई। अजय लगातार रेड कर प्वाइंट बटोर कर ईरान की टीम पर भारी पड़ रहे थे। उनकी हर रेड का ईरान के पास कोई जवाब नहीं था।
प्रदीप नरवाल और राहुल चौधरी के फाइनल में फेल होने के बावजूद अकेले अजय ने टीम इंडिया को आसानी से खिताब दिला दिया। मैच में अजय ने कुल 12 रेड प्वाइंट लिए। इस वर्ल्ड कप में अजय ठाकुर ने 70 से ज्यादा प्वाइंट लिए। यही नहीं फाइनल मुकाबले में भी अजय ने सबसे ज्यादा प्वाइंट लिए।
वहीं, दिवाली से पहले ही अजय ठाकुर ने हिमाचल समेत देश भर के लोगों को जश्न का मौका दे दिया। खिताब जीतते ही हिमाचल में भी जश्न मनाया जा रहा है। अजय ठाकुर के नालागढ़ स्थित दभोटा गांव के रहने वाले हैं। यहां भी जश्न का माहौल है।