हरियाणा के सोनीपत के सेक्टर-12 बाईपास पर नकदी संग्रह (कलेक्शन) कंपनी के दो कारिंदों से 20 लाख रुपये की लूट को बदमाशों ने सोची-समझी साजिश के साथ अंजाम दिया। एक बदमाश के बाइक रुकवाते ही दो अन्य बदमाश डंडे लेकर भागते हुए आए और फेर छेड़ेगा छोरी (लड़की) का शोर करते हुए हमला कर दिया। इससे लोगों ने लड़की से छेड़छाड़ का मामला समझ बीचबचाव तक नहीं किया और बदमाश नकदी लूटकर भाग निकले।
सोनीपत 20 लाख लूट मामला: लड़की छेड़ने का शोर मचाकर किया हमला, लूट ले गए नकदी, ऐसे की वारदात
बदमाशों ने नकदी संग्रह कंपनी के कारिंदों से सोची-समझी चाल के तहत हमला कर नकदी लूटी। लूट से पहले की रेकी, 16 मिनट इंतजार के बाद महज 19 सेकेंड में वारदात की।
नकदी संग्रह करनी वाली कंपनी के कारिंदों को लूटने से पहले बदमाशों ने रचा था षड्यंत्र
सेक्टर-12 बाईपास पर नकदी संग्रह करने वाली कंपनी के कारिंदों से लूट से पहले बदमाशों ने पूरी रेकी कर रखी थी। जिस तरह वह वारदात करने के लिए कंपनी के कारिंदों से पहले ही पहुंच गए थे, उससे तो यही संदेह हो रहा है। व्यस्ततम मार्ग पर दर्जनों वाहनों के आवागमन के बीच लूट की वारदात को अंजाम देकर बदमाश निकल भागे।
घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने पर पुलिस को अंदेशा है कि बदमाशों को नकदी संग्रह करने वाली कंपनी के कारिंदों के बारे में पूरी जानकारी थी। जिस समय कारिंदे कोरियर कंपनी से रुपये ले रहे थे, उसी समय तीनों लुटेरों ने पहले ही तैयारी कर ली थी।
यह दिख रहा सीसीटीवी फुटेज में
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि लुटेरे एक प्लास्टिक के बोरे में डंडे लेकर 11:57 बजे आए थे। डंडों को दीवार के पास रख दिया। एक लुटेरा बाइक लेकर सड़क के दूसरी ओर चला गया था। वहां पर बाइक खड़ी करके खड़ा हो गया। घटनास्थल पर कारिंदे दोपहर 12:13 बजे पहुंचे थे। उसी दौरान एक बदमाश ने हाथ से इशारा कर बाइक को रुकवाया था।
बाइक रुकते ही एक बदमाश भागता हुआ और सीधा बाइक सवारों पर डंडा बरसाने लगा, जिससे वह नीचे गिए गए थे। वहीं दूसरी तरह से एक अन्य बदमाश भागता हुआ और उसने भी कारिंदों पर डंडा बरसाना शुरू कर दिया। 16 सेकेंड तक पिटाई करने के बाद बाइक को रुकवाने वाला बदमाश बैग उठाकर भाग लिया। उसके तीन सेकेंड बाद तक दो बदमाश हमला करते रहे। बाद में महज 19 सेकेंड में वारदात कर फरार हो गए।
पुलिस नाके के बजाय साई पुरम की तरफ भागे
घटना से करीब 500 मीटर की दूरी पर आईटीआई चौक पर पुलिस नाका है। ऐसे में लुटेरों ने साई पुरम से होकर भागने का रास्ता चुना। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि लुटेरे ओल्ड डीसी रोड की ओर निकलकर भागे। वारदात के बाद पुलिस की दो टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कराने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस ने लुटेरों का भागते समय का फोटो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल करके लोगों से सूचना देने की अपील की है।
सोनीपत में बाइकर्स गैंग कर चुका ये वारदात
- 30 अप्रैल की रात को नाथूपुर के पास श्रमिक को गोली मारकर 5 हजार रुपये व डेबिट कार्ड लूटा।
- 29 अप्रैल की रात को नाथूपुर में शराब ठेके से एक लाख रुपये लूटे।
- 28 अप्रैल को भठगांव में बाइकर्स ने युवक से नकदी, मोबाइल और बाइक लूटी
- 11 अप्रैल को गन्नौर के बंधन बैंक से एक लाख दो हजार रुपये लूटे
- 22 मार्च को रेलवे स्टेशन पर जैन बाग कॉलोनी में युवक से नकदी और मोबाइल लूटा
- 25 मार्च को नाहरा में बाइकर्स ने टाटा एस चालक से नकदी लूटी