वाराणसी: हाईवे पर फिल्मी अंदाज में वाहन छीना, रिकवरी एजेंट बताकर जबरदस्ती; 15000 रुपये की तत्काल देने की मांग
वाराणसी में हाईवे पर रिकवरी एजेंट बताकर वाहन छीनने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फिल्मी अंदाज में वाहन रुकवाया और जबरन कब्जे में ले लिया। इसके बाद तत्काल 15 हजार रुपये देने की मांग की। घटना से वाहन चालकों में दहशत है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र के वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर फाइनेंस के रिकवरी एजेंटों ने लवप्रीत सिंह को धमका कर गाड़ी छीन ले गए। फिल्मी अंदाज में लोगों को उतारा और वाहन लेकर भाग निकले। पीड़ित वाहन मालिक की तहरीर पर रिकवरी एजेंटों के खिलाफ बुधवार की रात बड़ागांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पंजाब के मोहाली निवासी लवप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपनी गाड़ी से बिहार से पंजाब लौट रहा था। गाड़ी एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक से वित्तपोषित थी और उसकी कुछ किस्तें बकाया थीं। 14 नवंबर की शाम करीब पांच से छह बजे वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर बड़ागांव के पास एक काले रंग की महिंद्रा एक्सयूवी ने उनकी गाड़ी को रोका। गाड़ी से उतरे लोगों ने खुद को बैंक का रिकवरी एजेंट बताया। उन्होंने 15000 रुपये की तत्काल मांग की और पैसे न देने पर जबरन गाड़ी ले जाने की धमकी दी।
असमर्थता जताई और पंजाब पहुंचकर बकाया चुकाने की बात कही। इसके बावजूद, आरोपियों ने दबाव डालकर कागजातों पर हस्ताक्षर कराए। वह पीड़ित को गाड़ी से बाहर निकालकर वाहन अपने साथ ले गए। बड़ागांव थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि उपनिरीक्षक साकेत पटेल को जांच सौंपी गई। पुलिस अज्ञात आरोपियों और उनकी गाड़ी की तलाश में जुटी है। आसपास के सीसी कैमरे और एसयूवी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पहचान कराई जा रही है।
दिवाली के अगले दिन युवक पर जानलेवा हमला, प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर में दिवाली के अगले दिन एक युवक पर जानलेवा हमला और बलवा मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित लक्ष्य सेठ ने पुलिस को बताया कि मित्र रोशन चौधरी पर 9 नवंबर की रात हमला हुआ। आरोपियों में समीर मौर्य, रवि राजभर, कुलदीप मौर्य, विकास विश्वकर्मा और 40 अज्ञात लोगों ने हमला किया। तमंचा दिखाकर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से जानलेवा वार किए। इस हमले में रोशन चौधरी घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। भेलूपुर थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि इस मामले की जांच उपनिरीक्षक दीपक कुमार को सौंपी गई है।
