करीब एक घंटे की मूसलाधार बारिश में शहर पानी-पानी हो गया। कई गली-मोहल्ले ‘जलमग्न’ हो गए। कई घरों, मंडियों की दुकानों में पानी घुस गया। जिला अस्पताल, कलेक्ट्रेट समेत विभिन्न दफ्तरों के परिसर में जलभराव हो गया। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ ही मरीज व उनके तीमारदारों को दिक्कत हुई। सबसे ज्यादा समस्या शहर के निचले इलाकों में रही।
Monsoon: एक घंटे की बारिश में सड़कों पर भरा पानी, तस्वीरों में देखें शहर का हाल
रेती, रुस्तमपुर, आजाद नगर, दाउदपुर में घुटने तक पानी
सोमवार सुबह करीब सात बजे शुरू हुई बूंदाबांदी कुछ ही देर में तेज हो गई। घंटे भर की झमाझम बारिश में रेतीरोड, साहबगंज, गीताप्रेस रोड, दाउदपुर, महुई सुघरपुर, रुस्तमपुर, चक्सा हुसैन, रसूलपुर, आजाद नगर तारामंडल रोड समेत शहर के कई इलाकों के गली मोहल्लों में घुटने भर पानी भर गया। इलाहीबाग से जुड़े आगा मस्जिद, जाफरा कालोनी, सिटी मैरेज चौराहा, सईद अब्दुला अंसारी रोड में हाल बेहाल रहा। दोपहर दो बजे तक पानी की निकासी नहीं हुई। महुई सुघरपुर वार्ड के पार्षद चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि वार्ड में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। शेषपुर के पार्षद संजीव सिंह सोनू ने बताया कि वार्ड के कई इलाकों में शाम तक पानी भरा रहा। नगर विधायक डॉ आरएमडी अग्रवाल के आवास के सामने पंपिंग सेट लगाकर पानी निकाला गया।
तालाब बने कई सरकारी दफ्तरों के परिसर
डीएम दफ्तर, आरटीओ और सीएमओ कार्यालय परिसर में घुटने तक पानी भर गया। जिला अस्पताल परिसर, संक्रामक रोग विभाग परिसर में यही हाल था। जलभराव से कमिश्नर कार्यालय परिसर में आए लोगों को भी दिक्कत हुई।
मेडिकल और गोरखनाथ रोड पर चलना मुश्किल
असुरन से मेडिकल कॉलेज रोड के आसपास रहने वालों को इस साल मानसून के आगमन के बाद से ही परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस सड़क से जुड़ा नाला बन रहा है। इससे दुकानें नीचे हो गई हैं और जरा देर की बारिश में पानी दुकानों में घुस जाता है। एचएन सिंह चौराहे से विष्णु मंदिर तक सड़क पर चलना मुश्किल है। कॉलोनी की नालियां मुख्य सड़क से नीचे होने की वजह से पानी की निकासी नहीं हो रही है। इसी तरह गोरखनाथ ओवरब्रिज से थाना गेट तक मलबा नहीं हटने और नाला निर्माण होने से समस्या हो रही है।
कई इलाकों की नालियां ओवरफ्लो
बारिश के बाद विभिन्न इलाकों की नालियां ओवरफ्लो हो गईं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी ने बताया कि कि जहां से भी जलभराव की शिकायत आ रही है, तत्काल वहां समस्या दूर कराई जा रही है। चोक नालों को खोलने के लिए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम लगी रही।
धर्मशाला ओवरब्रिज के नीचे चार फीट पानी
धर्मशाला ओवरब्रिज के नीचे करीब चार फीट पानी भर गया। इस दौरान पुल के नीचे से गुजर रही कार पानी में फंस गई। पानी में कार के बंद होने से कार सवार काफी देर पानी में फंसा रहा। काफी मशक्कत के बाद उसे निकाला जा सका।
नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि शहर के निचले इलाकों में जलभराव की दिक्कत हुई है। इन सभी जगहों पर जलभराव की समस्या दूर करने का इंजमाम किया गया है। जहां भी जलभराव की सूचना मिली, वहां तत्काल पंप भेजा गया। नाले नालियों की सफाई का असर दिख रहा है। मेडिकल रोड के किनारे की कॉलोनियों में जलभराव की दिक्कत हुई है।