लॉकडाउन के खत्म होने के बाद एलईडी बल्ब का उत्पादन आपके लिए स्वरोजगार का बेहतर विकल्प हो सकता है। इसके अलावा थोड़ी सी पूंजी लगाने के साथ सीधे मैन्युफैक्चरर से मॉल खरीदकर भी व्यवसाय कर सकते हैं। यह आपके लिए मुनाफे वाला कारोबार साबित हो सकता है। आगे की स्लाइड्स में जानिए कैसे शुरू करें काम...
मात्र 25 हजार रुपये में बनें 'आत्मनिर्भर', ऐसे चुन सकते हैं विकास की राह
मात्र सात रुपये में खरीद सकते हैं एलईडी बल्ब
दिल्ली के कई मैन्युफैक्चरर से मात्र सात रुपये में एलईडी बल्ब खरीदा जा सकता है। कई कंपनियां इसके लिए पांच साल की गारंटी भी देती हैं। इसके अलावा इन कंपनियों से एलईडी लाइट्स के रॉ मेटेरियल खरीदकर खुद भी एलईडी बल्ब तैयार कर सकते हैं। तीन वाट के बल्ब का रॉ मेटेरियल मात्र नौ रुपये में मिल जाएगा, जिसे आप बाजार में 30 से 40 रुपये में बेच सकते हैं। वहीं नौ वाट का एलईडी बल्ब 30 रुपये में खरीद सकते हैं।
10 हजार से एक लाख रुपये की लागत से लगा सकते हैं फैक्ट्री
गीडा और गाजियाबाद में एलईडी लाइट्स की फैक्ट्री संचालित करने वाले वीएस एनर्जी के एमडी विवेक सिंह के अनुसार, मात्र 10 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये में एलईडी लाइट्स बनाने का काम शुरू किया जा सकता है। अगर मैन्युफैक्चरर से माल खरीद कर व्यवसाय करना चाहते हैं तो 10 हजार रुपये में इसे शुरू किया जा सकता है। वहीं अगर उत्पादन करना चाहते हैं तो मात्र 15 गुना 15 फीट के आकार के कमरे में इसका उत्पादन शुरू कर सकते हैं। इसके उत्पादन के लिए सिर्फ टूल किट और रॉ मेटेरियल की जरूरत पड़ती है।
पांच दिन में पांच तरह की लाइट बनाने की ट्रेनिंग
वीएस एनर्जी के डायरेक्टर विवेक सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी पांच दिन में सोलर लाइट, एलईडी बल्ब, दिवाली की लड़ियां, मोबाइल चार्जर और झूमर बनाने की ट्रेनिंग देती है। इसके लिए प्रति दिन 200 रुपये के हिसाब से मात्र एक हजार रुपये खर्च करना पड़ता है। केआईपीएम स्थित वीएस एनर्जी के ट्रेनिंग सेंटर में इसकी ट्रेनिंग ली जा सकती है। ट्रेनिंग लेने के बाद अधिकतम 15 हजार के टूल किट और 10 हजार रुपये के रॉ मेटेरियल से उत्पादन शुरू किया जा सकता है।
उपायुक्त उद्योग आरके शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना या मुद्रा योजना के तहत इस तरह की फैक्ट्री स्थपित की जा सकती है। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के लिए वेबसाइट kvconline.gov.in pmegp e-portal ऑप्शन में जाकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लिए diumsme.upsdc.gov.in में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार ऑप्शन में जाकर ऑनलाइन आवेदन किया सकता है।