अनलॉक 1.0 आज से शुरू हो गया है। 68 दिन के लॉकडाउन के बाद लोगों को अब कहीं आने-जाने की अनुमति नहीं लेनी होगी। ट्रेनें आम यात्रियों के लिए पटरी पर लौट आई हैं, बसें भी आज से सामान्य दिनों की तरह आम लोगों के लिए चलने लगी हैं।
अनलॉक 1.0: आज से पटरी पर जिंदगी, धीरे-धीरे पकड़ेगी रफ्तार, देखें तस्वीरें
शहर की दुकानें रोस्टर के मुताबिक पहले से खुल रही हैं। कुल मिलाकर जिंदगी धीरे-धीरे ही सही अब रफ्तार पकड़ रही है। हालांकि इन सब के बीच कुछ पाबंदियां अभी जारी हैं। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग हर आम-ओ-खास के लिए अनिवार्य है।
जिले में सात जून तक मौजूदा व्यवस्था ही लागू रहेगी। ट्रेनों और बसों में सोशल डिस्टेंसिंग और कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाएगा। बाजारों और दुकानों में भी दो गज की दूरी जरूरी होगी। इसका पालन करें, इसी में समझदारी है।
ट्रेनों का लॉकडाउन भी आज से खत्म होना शुरू हो गया है। 68 दिन बाद सामान्य तरीके से यात्री ट्रेनों से रवाना होंगे। पहले दिन गोरखपुर से दो ट्रेनें गोरखधाम एक्सप्रेस और एलटीटी सुपरफास्ट स्पेशल एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म दो से रवाना होंगी। वहीं बिहार से आने वाली ट्रेनें प्लेटफार्म तीन, चार और पांच से जाएंगी।
रेलवे अधिकारियों ने रविवार को कई दौर की बैठक कर समीक्षा की। इसके बाद तैयारियों को अंतिम रूप दिया। अधिकारियों ने स्टेशन का भौतिक निरीक्षण करने के साथ ही जरूरी निर्देश भी दिया।
- 02555 गोरखपुर-हिसार एक जून से गोरखपुर से और 02556 हिसार-गोरखपुर दो जून से हिसार से
- 02541 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 1 जून से गोरखपुर से और 02542 तीन जून से लोकमान्य तिलक टर्मिनस से
- 01015 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस 1 जून से लोकमान्य तिलक से और 01016 तीन जून को गोरखपुर से
- 09037 बान्द्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस दो जून को बान्द्रा टर्मिनस से और 09038 पांच जून से गोरखपुर से
- 09089 अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस 1 जून से अहमदाबाद से प्रतिदिन और 09090 गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस तीन जून से गोरखपुर से प्रतिदिन