गोरखपुर में आम आदमी के लिए वैक्सीनेशन (टीकाकरण) की शुरुआत हो गई है। पहले दिन 60 साल से ऊपर उम्र वालों को वैक्सीन लगाई गई। इस संबंध में वे बेहद उत्साहित दिखे। इसका नतीजा यह रहा है कि जहां पहले दिन तीन बूथों पर 300 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था, वहां 361 लोगों ने टीका लगवाया। इसमें 232 पुरुष और 129 महिलाओं की मौजूदगी रही। वैक्सीनेशन के लिए बनाए गए बूथ का उद्घाटन महापौर सीताराम जायसवाल और डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने फीता काटकर किया।
गोरखपुर: आम आदमी में दिखा कोविड टीकाकरण के लिए उत्साह, लक्ष्य से अधिक लोगों ने लगवाया टीका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले दिन केवल तीन बूथ बनाए गए थे। इनमें जिला अस्पताल, बीआरडी मेडिकल कॉलेज और शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में इंतजाम किए गए थे। सरकारी अस्पतालों में निशुल्क और निजी अस्पताल में 250 रुपये शुल्क देकर टीकाकरण की व्यवस्था हुई। सुबह 10:30 बजे से ही टीकाकरण शुरू हुआ। तीनों बूथों पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था थी। जिला अस्पताल और बीआरडी में वैक्सीन के साथ ही इमरजेंसी दवाओं की किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थी। शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में भी पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। पहली बार आम नागरिकों को टीका लगा तो लोगों को थोड़ी उलझन भी रही। लेकिन जैसे-जैसे समय बीत रहा था लोगों की संख्या बढ़ती गई। 60 वर्ष से अधिक लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया जबकि 45 से 59 के बीच बीमार लोग भी वैक्सीन लगवाने पहुंचे थे।
अधिकारियों ने निरीक्षण कर लिया जायजा
जिला अस्पताल और शाही ग्लोबल हास्पिटल में सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज कुमार पांडेय ने निरीक्षण कर व्यवस्था परखीं। तीनों बूथों पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए वैक्सीन लगाई जा रही थी। वैक्सीनेटर को यह समझाया भी जा रहा था कि जिसे टीका लगाएं उन्हें पांच मंत्र जरूर बताएं।
रकम देकर भी लोग टीका लगवाने के लिए आए आगे
जिला अस्पताल और बीआरडी में जहां निशुल्क टीकाकरण हो रहा था वहीं शहर में एक मात्र शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में शासन की ओर से निर्धारित 250 रुपये में टीकाकरण हुआ। यहां भी टीकाकरण के प्रति लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। 100 लोगों का लक्ष्य रखा गया था। लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत टीकाकरण हुआ।
टीकाकरण के लिए 26 और निजी अस्पतालों ने रुचि दिखाई है। इन अस्पतालों में गुरु गोरक्षनाथ चिकित्सालय भी शामिल है। इन अस्पतालों के कर्मियों को स्वास्थ्य विभाग मंगलवार को प्रेरणा सभागार में वैक्सीनेशन का प्रशिक्षण भी देगा। इसके बाद बुधवार से यह सभी अस्पताल टीकाकरण कर सकते हैं।