साइको किलर नरेश धनखड़ द्वारा शहर थाने के 500 मीटर क्षेत्र में की गई छह हत्याओं के समय पुलिस की पीसीआर, पेट्रोलिंग व गश्त कहां थीं अब इस बात को लेकर लोगों में चर्चाएं होने लगी हैं।
जिन रास्तों से खून से सना रॉड लेकर गुजरा था साइको किलर वहां PCR होने का दावा
लोगों में इस बात को लेकर भी चर्चा हो रही है कि आरोपी नरेश ओमेक्स सिटी से पंचवटी मार्ग होते हुए हाथ में रॉड लेकर पुराने जीटी रोड तक आ गया और रास्ते में कहीं कोई पुलिस नाका, गश्त व पीसीआर नहीं मिली, जबकि सरकारी अस्पताल व शहर के अंदर स्थित दो पेट्रोल पंपों व सोहना मोड़ पर पुलिस पीसीआर व पेट्रोलिंग होने के पुलिस विभाग द्वारा दावे किए जाते हैं। इस सवाल को लेकर शहर की एक समाजसेवी संस्था द्वारा मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृह सचिव को पत्र लिखा गया है।
पुलिस के दावे, यहां रहती हैं पीसीआर
पुलिस विभाग के अनुसार प्रतिदिन पीसीआर व पेट्रोलिंग टीम महर्षि दयानंद आगरा चौक, मीनार गेट चौक, शहर थाने से मात्र 10 कदम दूर पलवल-सोहना मोड़, सेक्टर-दो व गोल मार्किट कैंप, दिल्ली बाईपास व पंचवटी मंदिर वाले चौक, जिला नागरिक अस्पताल गेट के पास रहती हैं। 31 दिसंबर व एक जनवरी को जिला पुलिस अधीक्षक सुलोचना गजराज द्वारा इन स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा नव वर्ष पर किसी तरह की धटना न हो इसके लिए सतर्क रहने के भी आदेश दिए थे।
ओमेक्स से पंचवटी मंदिर चौक से होते हुए ही आया था नरेश
एक जनवरी की आधी रात के बाद जब नरेश ने हत्याओं की वारदात को अंजाम दिया, उससे पहले आरोपी वह ओमेक्स स्थित अपने फ्लैट नंबर 583 से लोहे की रॉड हाथ में लेकर पंचवटी रोड से होते हुए पंचवटी मंदिर चौक पुलिस पीसीआर स्थल के पास से गुजरा तथा उसके बाद जिला नागरिक अस्पताल के सामने वहां भी पीसीआर होती है के सामने से होता हुआ पलवल निजी अस्पताल में पहुंचा और एक महिला की हत्या की।
उसके बाद वहां से निकलकर पुराने जीटी रोड पर खुलेआम चलते हुए शहर के अंदर स्थित दो पेट्रोल पंपों के सामने एक चौकीदार की हत्या कर निकला, वहां भी पीसीआर पेट्रोल पंप के बाहर खड़ी रहती है तथा सोहना रोड पर भी जहां पीसीआर रहती है, वहां भी एक हत्या की तथा उसके बाद शहर थाने के गेट के सामने ही एक और व्यक्ति की हत्या की। लोगों का सवाल है कि आरोपी द्वारा हत्याएं की गईं तो फिर पीसीआर कहां थी और यदि वहीं थी तो आरोपी दिखाई क्यों नहीं दिया।