इंद्रपुरी के नारायणा विहार इलाके में स्थित प्राइवेट स्कूल के शिक्षक की डांट के बाद सातवीं कक्षा की छात्रा ने फांसी लगा ली। पुलिस को एक पेज का सुसाइड नोट मिला है। छात्रा ने अपने दर्द को हाथ व हथेली पर भी लिखकर बयां किया है। इंद्रपुरी थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को स्कूल की सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया है।
7वीं कक्षा की छात्रा सुसाइड केसः मां-नानी 'आई लव यू' माफ कर देना, लिखकर छोड़ गई दुनिया
पुलिस ने साइंस के टीचर से कई घंटे पूछताछ की। वहीं मृतक छात्रा की क्लास के बच्चों के बयान भी दर्ज किए। इंद्रपुरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्कूल प्रबंधन कमेटी भी जांच कर रही है। पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक छात्रा अपनी मां के साथ इंद्रपुरी में रहती थी। मां वकील है। पिछले शुक्रवार को छात्रा रोते हुए घर पहुंची। पूछने पर पता लगा कि उसे साइंस के टीचर ने डांटा है। शनिवार को वह स्कूल नहीं गई। मां उसे घर पर ही छोड़कर चली गई। शाम चार बजे मां घर लौटी, तो छात्रा फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। वह फंदे से उतारकर नजदीकी अस्पताल ले गईं, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को छात्रा के कमरे से एक पेज का सुसाइड नोट मिला है। नोट छात्रा ने भगवान श्रीकृष्ण, मां और नानी के लिए लिखा है। उसने मां व नानी को सुसाइड नोट में ‘आई लव यू’ लिखकर माफी मांगी है। छात्रा ने अपने दर्द को हाथ व कलाई पर भी लिखकर माफी मांगी है। छात्रा ने लिखा है कि श्रीकृष्ण भगवान, मैं आपके पास आ रही हूं। नोट में छात्रा ने स्कूल में परेशान करने की बात भी लिखी है। छात्रा का 20 दिसंबर को जन्मदिन था। छात्रा अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाना चाहती थी। इसके लिए दोस्तों को न्योता दे दिया था।
व्हाट्सऐप पर बात करने पर समझाया था
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक छात्रा स्कूल की तरफ से अन्य छात्र-छात्राओं के साथ घूमने गई थी। यहां पर वह छठी कक्षा के छात्र से व्हाट्सऐप पर बात करने लग गई थी। ये बात कक्षा के अन्य छात्र-छात्राओं को पता लगा गई थी। उन्होंने साइंस टीचर को ये बात बता दी थी। टीचर ने छात्रा को शुक्रवार को बुलाकर समझाया था कि वह अभी छोटी है और व्हाट्सऐप पर बात करना ठीक नहीं है। टीचर ने पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कही थी। ये बात छात्रा को बुरी लग गई थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जब्त किया
इंद्रपुरी थाने की एक पुलिस टीम बृहस्पतिवार को स्कूल पहुंची। पुलिस टीम ने क्लास रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को जब्त कर लिया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि टीचर छात्रा को कुछ कह रहे हैं। पुलिस ने साइंस के टीचर से कई घंटे पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों ने शिक्षक द्वारा छात्रा को डांटने की बात से इनकार किया है।