दिल्ली में खून-खराबा: दोस्तों का झगड़ा सुलझाने गए नाबालिग का सिर फोड़ा, दिवाली के दिन मौत से घर में मातम
मोनू का नाबालिग के पिता ने सिर फोड़ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना दिवाली के दिन आनंद पर्वत के बलजीत नगर स्थित पंजाबी बस्ती की है।
विस्तार
दिवाली पर पटाखे फोड़ने को लेकर दोस्तों के बीच हुए विवाद को सुलझाने पहुंचे 17 साल के मोनू को भी अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया। मोनू का नाबालिग के पिता ने सिर फोड़ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना दिवाली के दिन आनंद पर्वत के बलजीत नगर स्थित पंजाबी बस्ती की है। मंगलवार को मोनू का अंतिम संस्कार किया गया। पिता की मौत के बाद मोनू अपनी मां खुशबू का आखिरी सहारा था।
उधर, पुलिस ने हत्या के मामले में 44 साल के मुन्ना और उसके नाबालिग बेटे को पकड़ा है। पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, एक दूसरे नाबालिग के पिता ने झगड़े के दौरान मोनू के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उसे लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नानी से बोलकर निकला, थोड़ी देर में आता हूं
मृतक की नानी कांता देवी ने बताया कि मोनू के कुछ दोस्त उसे घर बुलाने आए थे। उनके पूछने पर मोनू ने कह कि थोड़ी देर में आ रहा हूं। दरअसल, उसके दोस्तों का एक नाबालिग से झगड़ा हुआ था। मोनू अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा तो उसके दोस्त वहां से भाग निकले।
इसी दौरान दूसरे नाबालिग के पिता ने पीछे से मोनू पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। नानी का आरोप है कि मोनू नाले के पास गिर गया था, जिसके बाद उस पर दोबारा हमला किया गया। इस हमले में उसका सिर फ्रैक्चर हो गया और उसकी मौत हो गई।
बड़ा भाई पैरोल पर अंतिम संस्कार में पहुंचा
मां खुशबू पति की मौत के बाद अपने मायके में मां के साथ रहती है। उसका बड़ा बेटा चोरी के मामले में मुखर्जी नगर स्थित बाल सुधार गृह में बंद है। छोटे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उसे पुलिस की निगरानी में पैरोल पर लाया गया।
बुलेट से पटाखे जैसी आवाज का विरोध करने पर दिव्यांग की हत्या
दिवाली की रात दिल्ली के निहाल विहार इलाके में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां घर के बाहर बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी तेज आवाजें निकालकर शोर मचाने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने 40 वर्षीय एक दिव्यांग शख्स हन्नी सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
मृतक के परिवार में पत्नी और दो मासूम बच्चे हैं। घटना की रात जब कुछ युवक हन्नी सिंह के घर के बाहर बुलेट से हुड़दंग मचा रहे थे, तब उन्होंने बाहर आकर इसका विरोध किया। मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने दिव्यांग हन्नी को थप्पड़ मारकर गिरा दिया और बेरहमी से लात-घूंसों से उनकी पिटाई कर दी।
इस अमानवीय हमले में गंभीर रूप से घायल हन्नी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। शुरुआत में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन मौत के बाद धाराएं बढ़ाई जा रही हैं।
वहीं बाहरी जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जसवीर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट में मौत के कारणों का खुलासा होने के बाद इस बाबत मामला दर्ज किया जाएगा। हालांकि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।