प्रिंसीपल को चार गोलियां मारकर मौत के घाट उतारने वाला कातिल छात्र जेल में क्या कह रहा है और उसकी रातें कैसे कट रहीं, जानकर हैरान रह जाएंगे।
मामला हरियाणा के यमुनानगर का है। स्वामी विवेकानंद स्कूल में 12वीं के स्टूडेंट शिवांश गुंबर ने महिला प्रिंसिपल रितु छाबड़ा को गोली मार दी। जख्मी प्रिंसिपल की करीब 2 घंटे बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी स्टूडेंट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया। अब शिवांश के खिलाफ हत्या व उसके पिता रणजीत उर्फ संजीव (46) के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
वहीं जेल में दोनों बाप और बेटे को एक ही बैरक में रखा गया है। रिमांड पूरा होने के बाद मंगवार को शिवांश को ज्यूडिशियल कस्टडी में जेल भेजा गया। जेल पहुंचते ही बैरक में पिता को देखकर वह रोने लगा। जैसे-तैसे पिता ने उसे नॉर्मल किया और बातचीत की। दूसरे कैदियों से दोनों नहीं मिले और न ही कोई बात की। शिवांश पिता से पूछता रहा कि वह जेल से बाहर कब आएगा।
सूत्रों के मुताबिक, पिता ने शिवांश को सांत्वना दी और कहा कि पहले उन्हें जमानत मिल जाए, फिर वे उसकी जमानत कराने की कोशिश करेंगे। शिवांश रात में सो नहीं पाता है, उसकी रातें करवट बदलकर कट रही हैं। दोनों पिता पुत्र को वही खाना दिया गया जो दूसरे कैदियों को दिया गया। वैसे जेल में शिवांश का व्यवहार सामान्य है, लेकिन पिता से लगातार वह बातें करता रहा।
थाना इंचार्ज ओमप्रकाश ने बताया कि पूछताछ में आरोपी शिवांश ने कई खुलासे किए। उसने बताया कि वह घर से पिता की रिवॉल्वर और आठ गोलियां लेकर पहले हमीदा हेड पर गया। वहां बैठकर सोचता रहा। पुलिस का दावा है कि शिवांश ने दो गोलियां हमीदा हेड के पास ही गिरा दीं और छह गोलियां रिवाल्वर में लोड कर लीं। इसके बाद उसने स्कूल में जाकर वारदात को अंजाम दिया।