चंडीगढ़ में सेक्टर-17 परेड ग्राउंड में 69वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। प्रशासक के सलाहकार परिमल राय ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
सभी फोटोः अजय वर्मा
सुबह 9.58 पर मुख्य अतिथि परिमल राय कार्यक्रम में पहुंचे। इसके बाद तिरंगा फहरा कर कार्यक्रम की शुरुआत की। ध्वजारोहण के बाद गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और फिर परेड शुरू हुई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
शहर भर में गणतंत्र दिवस पर संस्कृति कार्यक्रम आयोजित किए गए। सेक्टर-17 स्थित नगर निगम की बिल्डिंग में सुबह 8.45 बजे मेयर देवेश मोदगिल ने तिरंगा फहराया। पंजाब विश्वविद्यालय के परेड ग्राउंड में सुबह 8.30 बजे तिरंगा फहराया गया।
गणतंत्र दिवस पर यूटी पुलिस विभाग के 1800 पुलिसकर्मी शहर के चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। इनमें 13 डीएसपी, 36 इंस्पेक्टर, 292 एनजीओ, हेडकांस्टेबल, 281 कांस्टेबल व 74 महिला पुलिसकर्मी और 255 होमगार्ड जवान शामिल थे।
25 से 27 जनवरी की सुबह तक चौबीसों घंटे पुलिसकर्मियों को चेकिंग ड्यूटी पर लगाया गया है। जिन क्षेत्रों में आपराधिक प्रवृति के आरोपी रहते हैं, पुलिस विशेष रूप से उन इलाकों पर नजर बनाए हुए है। रात के समय नाइट ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या भी बढ़ाई गई है।