सिरसा के डबवाली में गैंगस्टरों के शूटआउट पर सवाल उठ रहे हैं, 'शूटआउट' एट डबवाली का सच क्या है, इसके लिए पुलिस की थ्योरी का अनसुना सच जानें
शूटआउट एट डबवाली, का सच चाहे जो भी हो लेकिन एक सच ये है कि इन गैंगस्टरों के खात्मे से खौफ का अंत हो गया है। पुलिस का दावा है कि गैंगस्टरों ने सुसाइड किया लेकिन कहा ये जा रहा है कि इनका एनकाउंटर किया गया।
गांव सुकेराखेडा के समीप मंगलवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में पंजाब के तीन गैंगस्टर मारे गए। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अपने को घिरा देख तीनों बदमाशों ने एक-दूसरे को गोली मार ली। मुठभेड़ की कार्रवाई पंजाब और हरियाणा पुलिस ने संयुक्त रूप से की। मौके से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस मिले हैं। बताया गया कि तीनों बदमाश चौटाला में हुए दोहरे हत्याकांड में शामिल थे।
गैंगस्टर जसप्रीत सिंह जिम्मी उर्फ जंपी डॉन तथा कंवलजीत सिंह उर्फ बंटी मकान की छत पर मृत मिले। जबकि उनके तीसरे साथी निशान सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। तीनों बदमाश पंजाब में देवेंद्र बंबीहा गैंग से संबंधित थे। इन पर कई संगीन वारदातों में शामिल होने का आरोप है। जिस मकान में यह बदमाश रह रहे थे पुलिस ने उस मकान मालिक और उसकी मां को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, तीनों ही गैंगस्टर सोमवार रात गांव सुकेराखेड़ा ढाणी में सफेद स्कॉर्पियो से सुखपाल सिंह के मकान में पहुंचे थे। मंगलवार तड़के करीब पौने पांच बजे सीआईए स्टाफ फरीदकोट के प्रमुख सब इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह भाटी और चौटाला चौकी प्रभारी सुखजीत सिंह के नेतृत्व में करीब 22 पुलिसकर्मियों ने किसान के खेत में बने मकान को घेर लिया।