तमाम विवादों के बाद आखिरकार 'पद्मावत' रिलीज हो ही गई। दूसरी ओर मशहूर अभिनेता ने मूवी को लेकर एक नसीहत दे डाली है, आप भी पढ़िए।
पद्मावत की कहानी में इतिहास के साथ क्या छेड़छाड़ की है, पहले लोग देख तो लें, जो इतना विरोध कर रहे हैं। लोगों को असलियत पता नहीं है और बिना वजह इतना बवाल कर रहे हैं। अभिनेता मुकुल देव ने फिल्म पद्मावत एवं निदेशक संजय लीला बंसली के पक्ष में अपनी बात बिंदास होकर रखी। अभिनेता इन दिनों पंजाब में अपने नए शो 21 सरफरोश: सारागढ़ी 1897 शो की प्रमोशन के लिए पहुंचे थे।
बुधवार को अभिनेता ने इस बहुचर्चित फिल्म पर अपने विचार साझा किए। मुकुल देव ने कहा कि हमारी फिल्म इंडस्ट्री में जिम्मेदार निर्देशक और निर्माता हैं। यदि वे इतिहास पर आधारित फिल्म बनाते हैं, तो पूरे वर्क एवं रिसर्च के बाद ही निर्माण करने का साहस करते हैं। इस लिए बिना वजह ही फिल्म पद्मावत के खिलाफ विरोध करने वाले लोग बगावत न करें, पहले फिल्म देख लें।
मुकुल देव ने विरोध कर रहे लोगों को सलाह देते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री तो हर धर्म और जाति का सम्मान करती है, लेकिन विरोध करने वाले लोग ही सम्मान नहीं करते हैं। हमारे देश की ये विडंबना है कि राजपूत की महिलाओं के लिए सम्मान के लिए जो लोग ठेकेदार बनकर विरोध कर रहे हैं, वे लोग ही देश में महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध पर आज तक खडे़ नहीं हुए हैं।
हमारे भी घर परिवार हैं, फिर क्यों ऐसे हमले
मुकुल ने कहा कि फिल्म पद्मावत को लेकर जो लोग देश की प्रापर्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं एवं स्टार कास्ट को मारने की धमकी दे रहे हैं। क्या ये सही है। ऐसे लोग यह भी नहीं सोच रहे है कि फिल्म को बनाने वाले आम लोग हैं, उनका भी घर परिवार है। वे अपराधी नहीं हैं। फिर उनके साथ ऐसे व्यवहार करना क्या जायज है।