जैन मुनि तरुण सागर नहीं रहे, लेकिन वे बॉलीवुड के मशहूर सिंगर विशाल ददलानी को ताउम्र याद रहेंगे। क्योंकि उनके साथ ऐसा विवाद हुआ था कि सिंगर को हाथ जोड़कर माफी मांगनी पड़ी थी।
दरअसल, विशाल डडलानी ने हरियाणा विधानसभा में जैन मुनि के प्रवचनों के बाद आपत्तिजनक ट्वीट कर दिया था। मामला 2016 का है, जब तरुण सागर हरियाणा विधानसभा में प्रवचन देने आए थे। ट्वीट को लेकर जैन समाज में काफी बवाल हुआ था। फिर अंबाला निवासी पुनीत अरोड़ा ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।
पुलिस ने संगीतकार व गायक विशाल डडलानी और कांग्रेस कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला के खिलाफ आईपीसी की धारा 153-ए (धर्म के आधार पर विभिन्न वर्गों में शत्रुता को बढ़ावा देना) और 509 (शब्दों, इशारे या कृत्य से किसी महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने का इरादा) के तहत एफआईआर दर्ज की।
विशाल डडलानी मामले में लगातार आलोचना झेल रहे थे, वहीं उन पर गिरफ्तारी की तलवार भी लटकी हुई थी तो डडलानी ने एफआईआर रद कराने और अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस वी. गोपाला गौडा और जस्टिस आदर्श कुमार गोयल की बेंच ने 7 सितंबर 2016 को उन्हें कोई राहत नहीं देते हुए, कहा कि डडलानी पहले हाईकोर्ट में जाएं।
फिर मामला पहुंचा पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट, जहां उन्हें अंबाला पुलिस के समक्ष पेश होकर तफ्तीश में शामिल होने का आदेश दिया गया। इसके बाद विशाल के पास दो ही ऑप्शन थे कि वे या तो कानूनी लड़ाई लड़ें या माफी मांग कर निपटारा करें। 21 सितंबर 2016 को विशाल डडलानी तरुण सागर से माफी मांगने के लिए चंडीगढ़ आए।