पंजाब में गैंगस्टरों का खौफ इस कदर बरकरार है कि उनकी मौत के बाद भी उनके नाम व गिरोह जिंदा हैं। गिरोह अभी भी सक्रिय हैं और तमाम आपराधिक वारदात में लिप्त हैं। पुलिस अधिकारियों की चिंता यह है कि गिरोह के सदस्य अपनी पुरानी दुश्मनी निकाल रहे हैं और सिरदर्द बने हुए हैं। ऐसे ही कुछ गैंग हैं जिनके सरगना को मरे हुए कई वर्ष बीत चुके हैं लेकिन उनके गिरोह अभी भी चल रहे हैं और लोगों में उनका खौफ बरकरार है।
Sidhu Moose Wala Murder: पंजाब के वो पांच गैंगस्टर, जो मारे जा चुके, मगर गिरोह और आतंक अब भी जिंदा
सुक्खा काहलवां गिरोह
22 जनवरी, 2015 में गैंगस्टर विकास उर्फ विक्की गौंडर और उसके साथियों ने फगवाड़ा में पुलिस वैन में जालंधर से नाभा जेल जा रहे सुक्खा काहलवां को घेर लिया। उन्होंने आटोमैटिक हथियारों से करीब 100 राउंड फायर कर सुक्खा की हत्या कर दी। हमलावर उसकी मौत से इतने खुश थे कि उन्होंने शव पर भंगड़ा डालकर खुशी मनाई थी। गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के जीवन पर आधारित फिल्म ‘शूटर’ को तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बैन करने का आदेश दिया था। उनका कहना था कि फिल्म में हिंसा और अपराध को बढ़ावा दिया गया है। सुक्खा काहलवां का नेटवर्क अब भी जिंदा है और उसके पुराने साथियों ने संगठित होकर सुक्खा काहलवां के नाम को जिंदा रखा है।
दविंदर बंबीहा गैंग: छह साल बाद भी नाम व खौफ जिंदा
बंबीहा गैंग का सरगना दविंदर बंबीहा को बठिंडा पुलिस ने नौ सितंबर 2016 को मुठभेड़ में मार गिराया था। इसके बाद गिरोह का संचालन सुखप्रीत बुड्ढा के हाथ आ गया। बुड्ढा ने 17 जून 2018 को बठिंडा के एक व्यवसायी को इसलिए मौत के घाट उतार दिया था, क्योंकि उसे शक था कि उसने पुलिस को दविंदर बंबीहा के बारे में जानकारी दी थी। बंबीहा गैंग के सदस्यों के खिलाफ पंजाब, हरियाणा और दूसरे राज्यों में 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबियां की हत्या में दविंदर बंबीहा गुट का नाम सामने आया था।
विक्की गौंडर व प्रेमा लाहौरिया
जनवरी 2015 में फगवाड़ा में गैंगस्टर सुक्खा काहलवां की हत्या के बाद विक्की गौंडर व प्रेमा लाहौरिया सुर्खियों में आ गए थे। विक्की गौंडर व प्रेमा लाहौरिया का 2018 में पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया था। दोनों ने तत्कालीन सीएम को भी ललकारा था। गौंडर व प्रेमा के साथ उनका साथी सुखप्रीत बुड्डा भी मारा गया था।
बेशक विक्की गौंडर व प्रेमा लाहौरिया के मरे चार वर्ष बीत चुके हैं लेकिन उनके साथी आज भी सक्रिय हैं। उनका टारगेट जेल में बंद दलजीत सिंह भाना है। लोट के गांव सराभा बोदला का रहने वाला हरजिंदर सिंह उर्फ विक्की गौंडर स्पोर्ट्स कॉलेज में पढ़ता था और उसका नाम नामचीन खिलाड़ियों में था। वह गांव लिद्दड़ां के नवप्रीत सिंह उर्फ लवली बाबा के साथ रहता था। इस बीच मिट्ठू बस्ती में रहने वाले प्रेमा लाहौरिया से विक्की गौंडर की दोस्ती हो गई। विक्की व प्रेमा के साथी आज भी उसका पूरा गिरोह सक्रियता से चला रहे हैं।
जयपाल भुल्लर गैंग
गैंगस्टर जयपाल भुल्लर को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पंजाब पुलिस की टीम ने जून 2021 में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया। लुधियाना के जगरांव में दो एएसआई की हत्या मामले में आरोपी की पंजाब पुलिस को तलाश थी। जयपाल के मारे जाने के साथ ही पंजाब में जुर्म के एक अध्याय का अंत हो गया।
गैंगस्टर जयपाल भुल्लर पंजाब के फिरोजपुर जिले का रहने वाला था। उसका नाम सुर्खियों में तब आया जब उसने फाजिल्का निवासी गैंगस्टर जसविंदर सिंह रॉकी की परवाणू में गोली मारकर हत्या कर दी थी। जयपाल भुल्लर को मरे एक साल हो चुके हैं लेकिन उसकी टीम व साथी आज भी गिरोह चला रहे हैं। हाल ही में मोहाली जिला पुलिस ने कोलकाता में पिछले वर्ष मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात गैंगस्टर जयपाल भुल्लर के साथी हरबीर सिंह सोहल निवासी अमृतसर को हथियारों समेत गिरफ्तार किया। वह गैंगस्टर होने के साथ ही सिंगर और गीतकार है।