लखनऊ में महानगर स्थित कनक कार सेल्स से सोमवार देर रात चोर ऑडी, बीएमडब्ल्यू समेत आठ एसयूवी और लग्जरी कारें उड़ा ले गए। घटनास्थल से महज 500 मीटर पर पुलिस थाना है। कार मालिक की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शातिर कार बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी तोड़ ले गए। उधर, वारदात से गुस्साए व्यापारियों ने मंगलवार को हंगामा किया। चेतावनी दी कि 48 घंटे में वारदात का खुलासा न हुआ तो प्रदर्शन करेंगे। लखनऊ-अयोध्या रोड स्थित बादशाहनगर मेट्रो स्टेशन के पास कनक कार सेल्स है। इसमें महानगर सेक्टर-बी निवासी करन गुप्ता, अलीगंज के आलोक सचान और वैशाली अपार्टमेंट निवासी कासिफ साझेदार हैं। सोमवार रात करीब दो बजे कार बाजार में ताला तोड़कर घुसे चोरों ने आठ कारें उड़ा दीं। वारदात की जानकारी सुबह आठ बजे सफाई करने पहुंचे कर्मचारी को हुई। उसने तत्काल कासिफ और करन को सूचना दी। दोनों मालिकों की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची।
लखनऊः बीच शहर से बीएमडब्ल्यू-ऑडी समेत 8 लग्जरी कारें ले उड़े चोर, व्यापारियों में आक्रोश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस के मुताबिक वारदात रात दो से चार बजे के बीच की है। हैरानी इसकी है कि दो घंटे में आठ कारें चोरी हो गईं और इलाके में किसी को भनक नहीं लगी। चोर परिसर से ऑडी, बीएमडब्ल्यू, इंडीवर, दो इनोवा क्रिस्टा, दो आई-20 और एक फार्च्यूनर उड़ा ले गए। कार बाजार के मालिकों के मुताबिक कारों की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है।
वारदात स्थल के सामने बादशाह नगर स्टेशन है। यहां रातभर चहलकदमी रहती है। वहीं, सामने चंद कदमों की दूरी पर बादशाहनगर पुलिस चौकी है। ऐसे में इतनी आसानी से वारदात को अंजाम दे पाना लोगों को गले नहीं उतर रहा है। वहीं, कार बाजार के ठीक पीछे सचिवालय कॉलोनी का बड़ा परिसर है। इसमें पुलिस, प्रशासन के अधिकारी रहते हैं। ऐसे में महानगर पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उधर, वारदात की जानकारी होने के बाद से ही इंस्पेक्टर महानगर अपनी गलतियां छिपाने में जुट गए।
व्यापारियों ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
घटना की सूचना पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस टीम सिर्फ व्यापारियों को परेशान कर रही है। थाने से महज आधा किमी की दूरी पर इस वारदात में पुलिस की लापरवाही साफ दिख रही है। उन्होंने पुलिस को 48 घंटे का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इतने समय में खुलासा नहीं होगा तो व्यापारी आंदोलन करेेंगे। इस दौरान मो. अफजल, अनिरूद्ध निगम, मो. फुकरान, ज्ञानेन्द्र उपाध्याय, मसीह उज जमा गांधी, विनोद सोनी, मो. रिजवान, मो. आदिल, मो. आमिर थे। एएसपी राजेश श्रीवास्तव ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द वारदात का खुलासा हो जाएगा।
एएसपी ने बताया कि कार बाजार में 22 गाड़ियां खड़ी थीं। चोरों ने आराम से अपनी पसंद की कारें चुनीं। इसके बाद आड़ी-तिरछी खड़ी अन्य गाड़ियों को आगे-पीछे कर रास्ता बनाया। कासिफ के मुताबिक सुबह जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो गेट के पास खड़ी डस्टर, ऑडी क्यू-7 और स्कोडा की चाबी बाहर पड़ी थी। इससे साफ है कि चोर अपनी पसंद की गाड़ियां ले जाना चाहते थे।